हीरापुरवा गांव में कमरे के अंदर साड़ी के फंदे से लटका मिला शव,आत्महत्या के कारणों का पता नहीं
औरैया। दिबियापुर थाना क्षेत्र के हीरापुरवा गांव में मंगलवार शाम बहन के घर गए 18 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव घर के कमरे में साड़ी के फंदे के सहारे कुंडे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के चकसत्तापुर निवासी लवलेश राजपूत (18) पुत्र हुब्ब लाल दो-तीन दिन पहले अपनी बहन प्रियंका पत्नी जयप्रकाश के घर हीरापुरवा गया था। मंगलवार शाम वह घर के कमरे में था। काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर परिजनों ने जाकर देखा तो उसका शव साड़ी के फंदे से कुंडे के सहारे लटका मिला। परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार,लवलेश मंगलवार को ही मानेसर जाने की बात कह रहा था। वह गांव में ट्रैक्टर चलाकर परिवार का सहयोग करता था। उसके दो भाइयों और तीन बहनें हैं। युवक की असमय मौत से परिवार में मातम छा गया।चैकी इंचार्ज आनंद शर्मा ने बताया कि युवक की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
