ज्ञानेन्द्र सेठ
स्वतंत्रता आंदोलन का इतिहास, जनपद जालौन की पत्रकारिता के योगदान की चर्चा किये बिना अधूरा ही रहेगा। जहाँ तक जनपद में पत्रकारिता की सर्वाधिक उर्वरा भूमि कोंच नगर ही मानी जाती है। जनपद का प्रथम समाचार-पत्र 1912 ई. में कोंच से ही प्रकाशित हुआ था, जिसका नाम ‘सत्य प्रकाश’ था। संपादकाचार्य अम्बिका प्रसाद वाजपेयी द्वारा लिखित ‘समाचार-पत्रों का इतिहास’ के अनुसार 1912 ई. में देश से जो तीन मासिक समाचार-पत्र निकले, यह उनमें से एक था, इसका आकार 8×6 इंच का। बुन्देलखण्डी संस्कृति के पुरा विद्वान अयोध्या प्रसाद गुप्त’कुमुद ‘की पुस्तक ‘सप्त दल’ की निबंध श्रृंखला के आलेखानुसार बताया गया है कि उ.प्र. राज्य अभिलेखागार में संरक्षित अभिलेखों से जानकारी मिलती है कि उस समय जनपद जालौन में कोई मुद्रणालय न होने से यह पत्र धर्मा दिवाकर प्रेस मुरादाबाद में छपता था। 1913 में पन्नालाल पहारिया द्वारा प्रिंटिंग प्रेस ‘प्रभाकर प्रिंटिंग प्रेस’ स्थापित किये जाने के बाद से ‘सत्य प्रकाश’ मासिक पत्र कोंच से ही छपने लगा। किन्तु एक वर्ष बाद इस पत्र का प्रकाशन बन्द हो गया। इसके संपादक कृष्ण गोपाल शर्मा थे। वर्ष 1913 में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जनपदीय पत्रकारिता ने नवीन कीर्तिमान स्थापित किये, इस वर्ष जनपद से अनेक समाचार पत्र प्रकाशित हुये। जिनमें एक जातीय पत्र ‘जुझौतिया वंश भास्कर’ (1913) तथा दूसरा साप्ताहिक ‘भास्कर’। भास्कर दो वर्ष ही निकला। बाद में इसके संपादक चौबे जी ने जिला मुख्यालय उरई को अपनी कर्मभूमि बना लिया। इसी वर्ष कोंच से राम दयाल वैश्य के स्वामित्व एवं संपादन में ‘धर्म प्रकाश’ (1913) का मासिक प्रकाशन प्रारम्भ हुआ। इसी वर्ष ‘देहाती’ (1915) साप्ताहिक का प्रकाशन उरई से क्रान्तिकारी बृज बिहारी मेहरोत्रा ने किया, जो उस समय जनपद में आकर रहकर क्रान्तिकारी गतिविधियों का संचालन कर रहे थे। विदित रहे यही मेहरोत्रा जी बाद में संविधान सभा के सदस्य बने थे। इस पत्र का प्रकाशन बाद में पं. बेनीमाधव तिवारी के संपादन में 1924 तक होने की जानकारी मिलती है। यह क्रान्तिकारी तेवर का राष्ट्रीय पत्र था। जिसकी भारी कीमत इसे चुकानी पड़ी। इसके प्रकाशन के अंतिम वर्ष में क्रान्तिकारी शाह को फांसी हुई। इस घटना पर ‘देहाती’ ने एक लेख भी लिखा था, इसी लिये शायद को फांसी दी गयी थी, अतः ‘देहाती’ का प्रकाशन बन्द हो गया और मुकदमें में संपादक को तीन वर्ष की सजा भी भुगतनी पड़ी थी। बाबू बृज बिहारी मेहरोत्रा के उरई आने के बाद सुप्रसिद्ध क्रान्तिकारी सुरेश चन्द्र भट्टाचार्य भी उरई में आ गये। उन्होंने यहाँ रहकर क्रान्तिकारी आंदोलन का संगठन और विस्तार किया। उनके एक स्थानीय साथी चंदी बाबू (बंसल) के सहयोग से 1917 में हस्तलिखित ‘साप्ताहिक इन्द्रधनुष’ पत्र निकाला गया, जो गोपनीय तरीके से क्रान्तिकारियों में वितरित किया जाता था। वर्ष 1917 ई. में ही कोंच से बाबूराम वैश्य ने ‘वैश्य शुभचिन्तक’ मासिक पत्र निकाला। कृष्ण गोपाल शर्मा ने 1918 में कोंच तथा उरई से ‘उत्साह’ का प्रकाशन किया। इसमें उनके साथ संपादन का कार्य रमेश्वर प्रसाद शर्मा देखते रहे थे। पर दोनों ही पेपर क्रान्तिकारी प्रवृति के प्रकाशन थे तथा इनकी लेखनी की धार से अधिकारी भी घबराते थे। सन् 1921 में इसमें प्रकाशित एक कविता को आपत्तिजनक मानते हुये शासन ने इसका प्रकाशन बन्द करा दिया। इसके बाद उक्त संपादक द्वय जेल की हवा खाकर झाँसी में रहने लगे। कृष्ण गोपाल शर्मा ने वहां से अर्ध-साप्ताहिक ‘भास्कर’ निकाला, जो दो वर्ष ही चल सका। बाद में 1923 में इसे मन्नी लाल पाण्डेय ने निकाला। जनपद में स्वतंत्रता आंदोलन को संगठन और शक्ति प्रदान करने में इस पत्र ने महत्वपूर्ण योगदान दिया था। जिले में 1921 में दो जातीय पत्र ‘ गहोई वैश्य सेवक’ जिसके संपादक मुरली लाल रुसिया उरई, तथा ‘नाई केसरी’ संपादक बृज बिहारी कालपी द्वारा प्रकाशित हुये। इसमें जातीय पक्षपात तथा संगठन विषयक सामग्री की प्रचुरता रहती थी। बाद में मिसुरिया जी ने ‘गरोही वैश्य बंधु’ (1935) का प्रकाशन किया। 1924 में कोंच से बाबूराम गुप्त ने साप्ताहिक ‘निर्भय’ निकाला, जिसमें सहयोगी संपादक के रूप में गया प्रसाद गुप्त ‘रसाल ‘को नियुक्त किया गया। 1936 में रसाल जी ने कोंच से साप्ताहिक ‘वीरेन्द्र’ निकाला, जो 1963 में लखनऊ में स्थानान्तरित होकर अभी भी प्रकाशित हो रहा है। इस पत्र ने स्वतंत्रता आंदोलनकारियों का मनोबल बढ़ाने, जमींदारी इलाकों में बेगार प्रथा समाप्त करने तथा नवाब बदौरा सरवन पुर में 1947 में नरसंहारक गोली काण्ड कराकर ‘व्यारह’ क्रान्तिकारियों का जीवन समाचार प्रकाशित करके अपनी दृढ़ता का परिचय दिया था। इस पत्र से अनेक साहित्यकारों का जुड़ाव बना रहा। इस पत्र में प्रभुदयाल द्विवेदी, शिवराम ‘मणीन्द्र’ तथा राजभूषण दास ‘महंत’ पुजारी ने संपादन कार्य किया। जिसके फलस्वरूप यह क्रान्तिकारियों के साथ-साथ साहित्यकारों का भी साहित्यक पत्र बन गया था। उरई से गोविन्द नारायण तिवारी ने 1944 में साप्ताहिक ‘अंचल’ प्रकाशित किया। इसी बीच क्रान्तिकारी वीरभद्र तिवारी ने साप्ताहिक ‘प्रहरी’ (1937) भी निकाला। इन पत्रों ने आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। आजादी के पूर्व प्रकाशित इन पत्र-पत्रिकाओं ने यहां के प्रबुद्ध वर्ग में नयी चेतना जागृत करने, पाठकीयता बढ़ाने, लेखकों को प्रोत्साहित करने, स्वतंत्रता आंदोलन को गति देने के साथ पत्रकारिता के प्रति जनमानस का लगाव पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया।
स्वतंत्रता आंदोलन में जनपद जालौन की पत्रकारिता का योगदान
