मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपाइयों ने मरीजों को बांटे फल

सपा कार्यालय ककोर में आयोजित हुआ कार्यक्रम, जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने नेताजी के राजनीतिक जीवन और योगदान को किया याद

औरैया। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव की जयंती रविवार को समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय ककोर में मनाई गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सपाइयों ने जिला अस्पताल चिचौली पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने वर्ष 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की। पार्टी की विचारधारा समाजवाद और डॉ. राममनोहर लोहिया के सिद्धांतों पर आधारित रही। मुलायम सिंह यादव ने किसानों, पिछड़े वर्गों और समाज के कमजोर तबकों के मुद्दों को अपनी राजनीति का प्रमुख आधार बनाया। उनके नेतृत्व में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश की प्रमुख राजनीतिक ताकतों में शामिल हुई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि नेताजी ने शिक्षकों को भी राजनीति में आगे आने का अवसर दिया और प्रेरित किया कि शिक्षक रहते हुए भी राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई जा सकती है। उन्होंने जमीन से जुड़े लोगों को लोकसभा और राज्यसभा तक पहुंचाया तथा कई लोगों को विधानसभा तक पहुंचने का अवसर दिया। गरीब और वंचित परिवारों के लोगों को राजनीति से जोड़कर उन्होंने साबित किया कि जो लोग कभी राजनीति में आने की कल्पना भी नहीं कर सकते थे, वे भी आज अपने समाज के हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। पहली बार वर्ष 1989 में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और 1991 तक इस पद पर रहे। इसके बाद 1993 से 1995 तक दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। अगस्त 2003 में उन्होंने तीसरी बार प्रदेश की कमान संभाली और मई 2007 तक मुख्यमंत्री रहे। उनके कार्यकाल में प्रदेश की राजनीति में कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले। जिलाध्यक्ष ने कहा कि नेताजी का राजनीतिक सफर प्रदेश तक सीमित नहीं रहा। वर्ष 1996 में पहली बार लोकसभा पहुंचने के बाद उन्हें केंद्र की संयुक्त मोर्चा सरकार में रक्षा मंत्री बनाया गया। उन्होंने 1996 से 1998 तक देश के रक्षा मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि नेताजी ने देश के किसानों के बेटों और सैनिकों के सम्मान के लिए भी महत्वपूर्ण पहल की। पहले सीमा पर देश की रक्षा करते हुए शहीद होने वाले सैनिकों के पार्थिव शरीर कई बार उनके पैतृक गांव और घर तक नहीं पहुंच पाते थे। मुलायम सिंह यादव ने यह मुहिम शुरू की कि चाहे कितना भी खर्च आए, लेकिन शहीद सैनिक का पार्थिव शरीर पूरे सम्मान के साथ उसके घर और जन्मभूमि तक पहुंचाया जाए। इस मौके पर वरिष्ठ सपा नेता बाबा रामनरेश, दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, वरिष्ठ सपा नेता लालजी शुक्ला, श्याम बाबू यादव, रामबाबू यादव, पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, महेंद्र त्रिपाठी, रचना सेंगर, रश्मि यादव, कमलेश तिवारी, पल्लवी पाल, मधु यादव, गीता यादव, राजेश राजपूत, करिशंकर दिवाकर, राजकुमार गौतम, लोधी वीरेंद्र शास्त्री, अनवर सिंह यादव, कल्लू यादव, रज्जन बाबू दोहरे, भइयान यादव, रवि राजपूत, विपिन गुप्ता और अमर त्रिपाठी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पार्टी नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *