सात माह का बकाया भुगतान और 45 हजार मानदेय मिलने पर ही करेंगे काम, रोजगार सेवकों ने किया कार्य बहिष्कार

असोथर, फतेहपुर। सात माह से बकाया मानदेय का भुगतान और 45 हजार रुपये मासिक मानदेय किए जाने की मांग को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों ने विशेष रोजगार सृजन सप्ताह का पूर्ण बहिष्कार किया। शुक्रवार को प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर ब्लॉक अध्यक्ष राजिश कुमार तिवारी की अगुवाई में रोजगार सेवकों ने खंड विकास अधिकारी राजेंद्र नाथ पांडेय को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक दबाव में काम नहीं किया जाएगा।रोजगार सेवकों ने बताया कि बीती 13 नवंबर को लखनऊ में आयुक्त ग्राम्य विकास और ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा के बीच वार्ता हुई थी। इसमें आयुक्त ने समस्याओं के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी कोई निर्णय नहीं लिया गया। इससे नाराज होकर रोजगार सेवकों ने विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के बहिष्कार का निर्णय लिया। ज्ञापन के माध्यम से अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि रोजगार सेवकों पर काम करने का अनावश्यक दबाव न बनाया जाए। साथ ही बताया कि 27 नवंबर को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन और तीन दिसंबर को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, राघवेंद्र सिंह, छेदीलाल, मुकेश तिवारी, सत्येंद्र सिंह, हेमराज पाल, गौवलाल, विमल कुमार, रामू भाई, सुनील कुमार, संतोष सिंह गौर सहित अन्य रोजगार सेवक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *