सरकंडी के पशु आरोग्य मेले में 498 पशुओं का उपचार, 40 का हुआ गर्भाधान

असोथर, फतेहपुर। विकास खंड असोथर की ग्राम पंचायत सरकंडी के मजरे मैकुवापुर में पशुपालन विभाग की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 498 पशुओं का उपचार किया गया, जबकि 40 पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान कराया गया। इस दौरान पशुपालकों को पशुओं की बेहतर देखभाल, बीमारियों से बचाव और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के संबंध में जानकारी दी गई।मेले का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण और गोपूजन के साथ हुआ। पशु चिकित्सकों ने पशुओं को पेट के कीड़ों से बचाने के लिए कृमिनाशक दवा पिलाई तथा बाहरी परजीवियों से छुटकारा दिलाने के लिए दवा का प्रयोग किया। खुरपका-मुंहपका, गलाघोंटू और सर्रा रोग के लक्षण वाले पशुओं का परीक्षण कर उपचार किया गया। साथ ही पशुओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए पौष्टिक हरा चारा, स्वच्छ पानी और समय से टीकाकरण कराने की सलाह दी गई। मेले की व्यवस्थाएं प्रशासक पुष्पा द्विवेदी के दिशा-निर्देशन में समाजसेवी चेतन त्रिपाठी, बाबूलाल मुनीम और पूर्व प्रधान रमाशंकर निषाद ने संभालीं। चुन्ना तिवारी और शंकर निषाद ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। इस मौके पर पशु चिकित्सक डॉ. प्रदीप गुप्ता, पशुधन प्रसार अधिकारी मोहम्मद सलीम खान, पशु मित्र प्रदीप अग्निहोत्री, पुष्पराज, रजनीश कुमार, आशीष कुमार, राजू सैनी और शिवपूजा निषाद ने पशुओं का उपचार करने के साथ पशुपालकों को जागरूक किया। मेले में बड़ी संख्या में किसान और पशुपालक पहुंचे तथा विभागीय सुविधाओं का लाभ उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *