रियल मीडिया नेटवर्क
भरुआ सुमेरपुर। हिम्मत बाबा धार्मिक स्थल इंगोहटा में चल रही शतचंडी यज्ञ में भागवत कथा श्रवण कराते हुए कथा व्यास ने कहा कि जीवन में सुख, शांति और मोक्ष की प्राप्ति केवल ईश्वर भक्ति से ही संभव है। भक्ति में असीम शक्ति है अतः परमात्मा की भक्ति अवश्य करनी चाहिए।
कथा व्यास प्यारेलाल तिवारी ने भागवत कथा के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से बताया कि मनुष्य का जीवन केवल भोगविलास में व्यतीत करने के लिए नहीं है बल्कि यह एक आध्यात्मिक यात्रा है। जिसमें आत्मा का परमात्मा से मिलन ही अंतिम लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सच्ची भक्ति वह है जिसमें मन, वचन और कर्म तीनों से भगवान का स्मरण किया जाए। भक्ति का मार्ग सरल होते हुए भी अनुशासन और समर्पण की माँग करता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे भौतिक सुखों से ऊपर उठकर आत्मिक शांति की ओर अग्रसर हों। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। शतचंडी यज्ञ और कथा का आयोजन ग्रामीणों के सहयोग से बड़े श्रद्धा भाव से चल रहा है। रात में वृंदावन की लीला दिखाई जा रही है। यज्ञ वेदी में यज्ञाचार्य गरुण मिश्रा के मार्गदर्शन में वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा जप तप किया जा रहा है।

