फॉलोअप
एन के यादव रियल मीडिया नेटवर्क
भरुआ सुमेरपुर। कस्बे के अमिलिया बाड़ा में दस दिन के अंदर दो जूती कारीगरों की मौत से मोहल्ले में दहशत है। एक जुलाई को बंद मकान में मिले जूती कारीगर की मौत की गुत्थी अभी नहीं सुलझी है। इसी बीच एक और मौत ने लोगों को दहशत बढ़ा दी है।
कस्बे की नागरा जूती एक जिला एक उत्पाद में शामिल है। कस्बे में एक सैकड़ा से ज्यादा लोग इस कारोबार से जुड़े हुए हैं। कुछ लोग बाजार में दुकान खोलकर जूती बनाने एवं बेचने का कार्य करते हैं। वहीं कुछ लोग घरों में ही इस कार्य को कर रहे हैं। गत एक जुलाई को जूती कारीगर बाबूराम (56) बंद मकान में मृत मिला था। यह घर पर ही जूती सिलाई का कार्य करता था। इसकी मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सुरक्षित किया गया है। इस घटना के दस दिन बाद में इसे मोहल्ले में रहने वाले जूती कारीगर रामबिहारी (60) की सिर कूंच कर हत्या कर दी गई है। हत्या किसने की है यह स्पष्ट नहीं है। परिजन दिल्ली से वापस आ गए हैं। पुलिस को तहरीर दे रहे हैं। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने कहा कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर हत्या का खुलासा शीघ्र किया जाएगा। शव का पोस्टमार्टम शनिवार को कराया जाएगा। शव को मोर्चरी में रखा गया है।
