बाइक सवार दंपति छुट्टा गोवंश से टकराया पत्नी की हुई मौत


पिता पुत्र गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर

भरुआ सुमेरपुर। सिसोलर थानाक्षेत्र के टोलामाफ गांव से निमंत्रण कर बाइक से लौट रहे दंपति छुट्टा गोवंश से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां पत्नी को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं पिता पुत्र को गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर किया गया।
थानाक्षेत्र के अतरैया डेरा निवासी लालमन (40) अपनी पत्नी सुरेखा (35) व पुत्र कृष्णा (4)के साथ अपनी चचेरी साली की शादी में निमंत्रण के लिए सिसोलर थानाक्षेत्र के टोलामाफ गांव गए हुए थे। निमंत्रण कर सोमवार की रात करीब 11:00 बजे यह बिना हेलमेट लगाए बाइक से वापस आ रहे थे। तभी मुंडेरा गांव के निकट सड़क पर घूम रहे छुट्टा गोवंश से उसकी बाइक टकरा गई। जिससे सभी लोग अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए।गश्त में निकले डायल 112 ने घायलों को देखा और परिजनों और एंबुलेंस को सूचना दिया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने इन तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाएं। जहां चिकित्सकों ने पत्नी सुरेखा को मृत घोषित कर दिया। वहीं पिता लालमन व पुत्र कृष्णा को गंभीर हालत में सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने सुरेखा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।पीड़िता अपने पीछे पुत्र
अजीत (11),गोविंदा (9),नैतिक (6),कृष्णा (4) को रोता बिलखता छोड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *