कारोबारी की करीब चार करोड़ की संपत्ति सीज

गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में हुई कार्यवाही

गैंग लीडर की हो चुकी है मौत
रियल मीडिया नेटवर्क
भरुआ सुमेरपुर। जिलाधिकारी के आदेश पर कस्बे के लकड़ी एवं गल्ला कारोबारी के खिलाफ दर्ज हुये गैंगस्टर के मुकदमे में दोबारा संपत्ति कुर्क करने की कार्यवाही शनिवार को पुलिस ने पूर्ण की। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तीन आरोपियों के नाम पर बनाई गई संपत्ति में आरा मशीन, धर्म कांटा, प्लाट मकान, खेत कुर्क किये हैं।
जसपुरा थाना क्षेत्र के गौरी कला गांव निवासी स्व. शिव प्रकाश उर्फ सोनू गुप्ता का कस्बे में गल्ला के साथ लकड़ी का कारोबार है। इस कारोबार में उसका भाई प्रांशु गुप्ता, मित्र रमाकांत गुप्ता पार्टनर है। इन तीनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही कुरारा पुलिस द्वारा की गई थी। नवंबर 2024 में कुरारा पुलिस ने सुमेरपुर पुलिस के साथ मिलकर सुमेरपुर के अलावा जसपुरा में करीब 4 करोड़ की संपत्ति कुर्क की थी। इस कार्यवाही को अभियुक्तों ने उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी। उच्च न्यायालय के आदेश पर प्रशासन ने कुर्क संपत्ति को मुक्त कर दिया था। उस समय तत्कालीन जिलाधिकारी राहुल पांडे ने उनके खिलाफ दुबारा गैंगस्टर एक्ट लगाने के आदेश दिए थे। इसके बाद अब दुबारा इस संपत्ति को कुर्क किया गया है। कुर्क संपत्ति में अब सोनू गुप्ता की जगह गीता गुप्ता का नाम दर्ज हो चुका है। इस बार संपत्ति कुर्क की कार्यवाही में सोनू गुप्ता की जगह उसकी पत्नी गीता गुप्ता, प्रांशु गुप्ता, उमाकांत उर्फ बाबा गुप्ता का नाम शामिल किया गया है। कुर्की के दौरान प्रांशु गुप्ता, उमाकांत उर्फ बाबा गुप्ता भी मौजूद रहे। बता दें कि सोनू गुप्ता की कैंसर के चलते 4 जनवरी 2025 को मौत हो चुकी है। उमाकांत गुप्ता ने प्रशासन पर परेशान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह कार्यवाही के खिलाफ उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटायेंगें। प्रशासन की यह कार्यवाही कस्बे में चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रशासन ने उद्योग नगरी में संचालित आरा मशीन, धर्म कांटा, मकान, हमीरपुर मार्ग स्थित प्लाट के अलावा जसपुरा में संचालित धर्म कांटा, प्लाट आदि सीज किया है। कुर्क की गई संपत्ति की कीमत 3 करोड़ 97 लाख 72 हजार 174 रुपए है। कुर्की के दौरान एसडीएम सुकुमा प्रसाद विश्वकर्मा, सीओ सदर राजेश कमल, कुरारा थानाध्यक्ष नंदराम प्रजापति, सुमेरपुर थानाध्यक्ष अनूप सिंह के अलावा भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *