रियल मीडिया नेटवर्क
हमीरपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के भेड़ी गांव में रविवार दोपहर बेतवा नदी में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार आयुष 19 वर्ष निवासी भेड़ी और पार्थ 14 वर्ष निवासी बिसंडा जिला बांदा नहाने के लिए बेतवा नदी में उतरे थे। पार्थ इन दिनों जलालपुर स्थित अपने ननिहाल आया हुआ था। दोनों नहाते समय गहराई में चले जाने से डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में उपजिलाधिकारी बलराम गुप्ता, क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय, थाना प्रभारी पवन पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को नदी से बाहर निकाला जा सका।
थाना प्रभारी पवन पटेल ने बताया कि दोनों किशोर नहाते समय गहराई में चले गए थे। जिससे उनकी मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
