बीती रात कस्बे के इमिलिया थोक में हुई घटना
रियल मीडिया नेटवर्क
भरुआ सुमेरपुर। बीती रात कस्बे के इमिलिया थोक में एक मजदूर पैर फिसल जाने से छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन फानन में इसको इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत गंभीर होने पर इसको सदर अस्पताल रिफर किया गया। सदर अस्पताल में डॉक्टर ने इसको मृत घोषित कर दिया। पांच दिन के अंतराल में पुत्री के बाद पिता की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक के छह पुत्रियां थी। इनमें एक की शादी हो चुकी है। एक पुत्री की बीमारी के चलते पांच दिन पूर्व मौत हो गई थी।
कस्बे की इमिलिया थोक का निवासी छोटेलाल वर्मा 65 वर्ष मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। बुधवार को रात करीब 10 बजे छत में चढते समय इसका पैर फिसल गया और यह छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। रात में ही पत्नी मिथलेश पुत्रियों के साथ मिलकर इसे कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद इसकी हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल रिफर किया गया। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने इसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बगैर पोस्टमार्टम कराये इसको घर ले आए हैं और अंतिम संस्कार के लिए मेरठ में रह रहे भतीजे के आने का इंतजार कर रहे हैं। मृतक की पत्नी मिथलेश कुमारी ने बताया कि गत 27 जुलाई को पुत्री काजल 17 वर्ष की बीमारी के चलते मौत हुई थी। अभी यह गम मिटा भी नहीं था और यह हादसा होने से परिवार बेसहारा हो गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी मिथलेश, शादीशुदा पुत्री प्रियंका, अविवाहित पुत्री खुशबू, नैना, रजनी, सोनी को रोता बिलखता छोड़ गया है। मृतक का अंतिम संस्कार शुक्रवार को मोक्षधाम में किया जाएगा।

