फालोअप
एन के यादव
भरुआ सुमेरपुर हमीरपुर। नेशनल हाइवे 34 में जिस जगह पर बीती रात दो युवकों को तेज रफ्तार डंपर ने कुचला है उस स्थान पर 23 दिन के अंदर वाहनों की टक्कर से पांच मौतें हुई हैं। इसके बाद इस खूनी हाइवे में इस स्थान पर दुर्घटनाएं रोकने के किसी तरह के इंतजाम नहीं कराए गए हैं।
नेशनल हाईवे 34 नरायनपुर गांव के मध्य से गुजरा है। बस्ती के अंदर दोनों तरफ ऊंचाई से नाला बना हुआ है। कस्बे से हमीरपुर की ओर जाते समय बस्ती शुरू होने के पहले बाएं हाथ पर प्रेम इलायची ढाबा है। इसी ढाबा के समीप अक्सर घटनाएं होती हैं। 18 जुलाई से लेकर 10 अगस्त तक पांच युवक जान से हाथ धो बैठे हैं जबकि दो घायल होकर उपचार करा रहे हैं। गत 17 जुलाई की रात को कस्बा निवासी सुंदरम गुप्ता 20 वर्ष की मौत हुई थी। इसका साथी राज ठाकुर 22 वर्ष घायल हुआ था। दोनों बाइक में थे। इसी तरह 25 जुलाई को मौदहा क्षेत्र के मांचा गांव निवासी अफसर खान की तेज रफ्तार बाइक ई रिक्शा से टकरा गई थी। इलाज को ले जाते समय इसकी भी मौत हो गई थी। गत 2 अगस्त को मौदहा कस्बे के हैदरगंज निवासी नसीम उर्फ बबलू 30 वर्ष अपने साथी आरिश खान के साथ बाढ़ देखकर वापस बाइक से लौट रहे थे। इसी जगह पर रोडवेज बस ने टक्कर मार दी थी। इस घटना में बबलू की मौत हो गई और आरिश घायल हो गया था। शनिवार को रात 11 बजे जीतेंद्र प्रजापति एवं ज्ञानेंद्र दीक्षित प्रेम इलायची ढाबा खाना खाने गए थे। रक्षाबंधन पर्व के चलते ढाबा बंद था। जैसे ही इन्होंने वापस आने के लिए बाइक को हाइवे में कस्बे की तरफ मोड़ा। तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर जान गंवा बैठे और बाइक चकनाचूर हो गई। मृतक जीतेंद्र प्रजापति दो भाइयों में छोटा था और कॉस्मेटिक की दुकान में नौकरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। मृतक की शादी 6 वर्ष पूर्व माया के साथ हुई थी। इसके एक पुत्री सृष्टि 4 वर्ष है। यह अपने पीछे पत्नी, पुत्री, भाई प्रमोद कुमार, वृद्ध पिता समलिया एवं मां मद्दी को रोता बिलखता छोड़ गया है।
इसी तरह बांकी निवासी ज्ञानेंद्र दीक्षित तीन भाइयों में सबसे छोटा था और कपड़े की दुकान में नौकरी करके परिवार का सहयोग करता था। इसकी शादी नहीं हुई थी। यह अपने पीछे पिता चंद्रभान दीक्षित, भाई राजू दीक्षित, मां शशि दीक्षित को रोता बिलखता छोड़ गया है। दोनों का अंतिम संस्कार शाम को पोस्टमार्टम के बाद किया गया। अचानक हुई इस घटना से दोनों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
