दूसरे दिन भी मना रक्षाबंधन विदोखर में हुआ आल्हा

रियल मीडिया नेटवर्क
भरुआ सुमेरपुर। ब्लॉक क्षेत्र के कुछ गांवों में रक्षाबंधन पर्व दूसरे दिन मनाने की परंपरा है। इसी परंपरा के तहत रविवार को भी रक्षाबंधन मनाया गया। इस अवसर पर विदोखर में आल्हा गायन का आयोजन कराया गया। जिसमें रायसों गायक दिनेश सिंह ने भुजरियों की लड़ाई का सुंदर वृतांत सुनाते हुए आल्हा ऊदल की वीरता का सुंदर वर्णन किया। आल्हा सुनकर लोगों की बाहें फड़क उठी।
ब्लाक में रक्षाबंधन पर्व रविवार को इंगोहटा, विदोखर मेंदनी, विदोखर पुरई, पलरा, बण्डा, मवईजार, पाटनपूर, रोहारी आदि गांवों में धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर महिलाओं ने कजली एवं सावन गीत गाते हुए परंपरागत ढंग से कजरियों का तालाब, पोखरो, नदी, नालों में ले जाकर विसर्जन किया। इस मौके पर प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी विदोखर पुरई के काली माता मंदिर प्रांगण में आल्हा गायन का आयोजन किया गया। यहां पर मशहूर रायसों गायक दिनेश सिंह ने भुजरियों की लड़ाई में पृथ्वीराज चौहान एवं आल्हा ऊदल के मध्य हुए भीषण युद्ध का सुंदर वृतांत सुनाया। इस मौके पर रणविजय सिंह, रामकुमार सविता, शिवपाल अनुरागी ने भी अपनी शानदार प्रस्तुति दी। आल्हा सुनने के लिए भारी भीड़ उमड़ी हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *