
दोनों पक्षों के छह लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में
पुलिस की मौजूदगी में चटकी लाठियां
भरुआ सुमेरपुर। कस्बे के देवगांव मार्ग में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के मध्य चले लाठी डंडों में तीन लोग लहुलुहान हुए है। यह पूरा घटनाक्रम पुलिस की मौजूदगी में हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लेकर तीन को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया।
कस्बे के वार्ड संख्या 11 के निवासी पृथ्वीराज ने एसडीएम सदर को प्रार्थना पत्र देकर गाटा संख्या 1041 के रकबा तीन एकड़ के 1/3 भाग की पैमाइश की मांग की थी। एसडीएम सदर ने नायब तहसीलदार प्रदीप कुमार निगम की अध्यक्षता में चार सदस्यीय राजस्व कर्मियों की टीम गठित करके पैमाइश के आदेश दिए थे। शुक्रवार को सुबह राजस्व टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और नापजोख करके वापस चली गई। पृथ्वीराज पक्ष के संतोष यादव, चेतन यादव, रामआसरे यादव चिन्हित जमीन पर तारबाड़ी कर रहे थे। तभी दोपहर बाद करीब चार बजे दूसरे पक्ष के मुन्ना यादव,रज्जू यादव, राजेश यादव आदि आ धमके और गाली गलौज करते हुए साथ लाएं लाठी डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में पृथ्वीराज पक्ष के संतोष यादव, चेतन यादव, रामआसरे यादव के सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। यह पूरा घटनाक्रम पुलिस के सामने हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लिया है। घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि दो भाइयों के मध्य जमीन को लेकर विवाद हुआ है। दोनों पक्षों को हिरासत में लिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
