सरीला नगर पंचायत में करोड़ों का भ्रष्टाचार, ईओडब्ल्यू जांच के बाद भी नतीजा “जीरो”…भ्रष्टाचारी “हीरो”


जगदीश श्रीवास्तव

राठ ( हमीरपुर)।सरीला नगर पंचायत में सपा शासनकाल के दौरान हुए कथित करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार का जिन्न एक बार फिर बोतल से बाहर आ गया है। आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की जांच रिपोर्ट में नगर पंचायत के दो कर्मियों और एक ठेकेदार को दोषी पाए जाने के बावजूद अब तक कार्रवाई न होने से मामले ने तूल पकड़ लिया है।
क्षेत्र के समाtजसेवी रामबहादुर मिश्रा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है। मिश्रा ने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में तैनात रहे नगर पंचायत कर्मी गंगा प्रसाद यादव और उनके पुत्र राघवेन्द्र सिंह ने ठेकेदारों से मिलीभगत कर विकास कार्यों में भारी भ्रष्टाचार किया।
ईओडब्ल्यू लखनऊ की जांच रिपोर्ट में भी दोनों को सरकारी धन के दुरुपयोग और गबन का दोषी बताया गया था। इस प्रकरण में थाना जरिया में मुकदमा संख्या 0129/2021 पंजीकृत हुआ था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पिता-पुत्र ने अपने कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार से अवैध संपत्ति अर्जित की है, जिसके पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं।
समाजसेवी का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से वे अब भी नगर पंचायत में पद पर बने हुए हैं और कामकाज देख रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि नगर पंचायत कर्मियों, ठेकेदार और अन्य आरोपियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी धन के दुरुपयोग करने वालों पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *