सपा का पीडीए प्रेम छलावा, विरोधी पार्टियों की कथनी-करनी में अंतर: मायावती

सपा का पीडीए प्रेम छलावा, विरोधी पार्टियों की कथनी-करनी में अंतर: मायावती

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की 92वीं जयंती पर पार्टी अध्यक्ष मायावती ने श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की तरह समाजवादी पार्टी भी बहुजन समाज की हितकारी नहीं है। इन दलों से बहुजन समाज के हित व कल्याण की आशा करना रेगिस्तान में पानी तलाशने जैसा है। इन पार्टियों के छलावा व दिखावा से सावधान रहना जरूरी है। बसपा सुप्रीमो ने मॉल एवेन्यू स्थित केंद्रीय कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में आह्वान किया कि बहुजन समाज के लोग बसपा मूवमेंट से जुड़कर मिशनरी अंबेडकरवादी बनें। अपने वोटों की शक्ति से सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करें। बसपा ही डॉ. अंबेडकर के नक्शे-कदम पर चलने वाली ’असली पार्टी’ है। सपा व अन्य विरोधी दलों की कथनी व करनी में बड़ा अंतर है। सांसदी और विधायकी आदि का प्रलोभन देकर बहुजन समाज के वोट की शक्ति को कमजोर करने वाले इन दलों के साथ निजी लाभ व स्वार्थ के लिए पार्टी व मूवमेंट से दगा करने वालों से भी दूरी रखनी जरूरी है। मायावती ने कहा कि दलितों, अन्य पिछड़ों व मुस्लिम समाज आदि का शोषण करने वाली पार्टियों में से खासकर सपा का पीडीए प्रेम छलावा है। इनको इन वर्गों व इनके महापुरुषों की याद केवल चुनाव के समय में ही आती है। सरकार बन जाने के बाद वह भी दूसरी पार्टियों की इन वर्गों का तिरस्कार कर देती है। यह कोई आरोप नहीं, बल्कि इन पार्टियों का इतिहास है। मुस्लिम समाज का इन पार्टियों से अलग होना तथा ब्राह्मण समाज के भी बसपा से जुड़ने से सपा का राजनीतिक व जातिवादी बैर बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तरह वर्तमान भाजपा सरकार भी कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित करने में और देरी ना करे। समतामूलक समाज तैयार करने में कांशीराम का योगदान ऐतिहासिक है। इसी वजह से वह लोगों के दिलों में बसते हैं। उन्होंने बहुजन समाज को बसपा के बैनर तले एकजुट करके राजनीतिक शक्ति बनाई और यूपी जैसे महत्वपूर्ण राज्य में मुझे मुख्यमंत्री बनाया। मायावती के निर्देश पर राजधानी के कांशीराम स्मारक स्थल पर प्रदेश के 12 मंडलों और नोएडा में छह मंडलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा लगा। राजधानी में आयोजित कार्यक्रम को बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल समेत कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया। इसके अलावा आठ अन्य राज्यों में भी पार्टी ने कांशीराम जयंती पर बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया। पार्टी के केंद्रीय संयोजक आकाश आनंद ने राजस्थान के भरतपुर में जनसभा को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *