मायावती ने फिर छेड़ा अलग प्रदेश का मुद्दा, बोलीं- न जाने कब पूरा होगा HC की बेंच बनने का सपना

मायावती ने फिर छेड़ा अलग प्रदेश का मुद्दा

रियल मीडिया न्यूज नेटवर्क
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण का उद्घाटन हुआ। इसकी रूपरेखा और बुनियादी कार्य बसपा की सरकार में ही शुरू हो गए थे। हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की अलग से बेंच व उनके लिए अलग प्रदेश बनाने का सपना न जाने कब पूरा होगा? बसपा सुप्रीमो ने रविवार को सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि जेवर एयरपोर्ट के कार्य में उस समय केंद्र में रही कांग्रेस सरकार अगर रोड़ा नहीं अटकाती तो विकास का यह कार्य यमुना एक्सप्रेसवे आदि की तरह काफी पहले मेरी सरकार में ही पूरा हो गया होता। वहीं, समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा सरकार का ज्यादातर समय प्रदेश की गरीबी व पिछड़ेपन आदि को दूर करने की जगह बसपा सरकार में कराए गए विकास कार्यों को निष्क्रिय करने में बीता। बसपा सरकार द्वारा समाज के कमजोर तबकों के हित में लिए गए ऐतिहासिक फैसलों और बहुजन समाज के संतों, गुरुओं व महापुरुषों के सम्मान में निर्मित शिक्षण व मेडिकल संस्थानों व जिलों आदि का नाम बदला गया। मायावती ने प्रदेश की जनता से विरोधी पार्टियों की छलावे वाली राजनीति व बहकावे में नहीं आने की अपील की।
कल BSP ऑफिस में पदाधिकारियों संग करेंगी बैठक: मायावती
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती 31 मार्च यानी मंगलवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में अहम बैठक करेंगी। इस बैठक में यूपी स्टेट व जिला कमेटी के सभी पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्य संगठन की जमीनी व आर्थिक मजबूती, जनाधार विस्तार और आगामी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करना है। साथ ही, निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी। भविष्य की रणनीति पर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे माल एवेन्यू स्थित कार्यालय में आयोजित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *