बेकनगंज में ढहा 100 साल पुराना जर्जर मकान, मलबे में दबकर सात घायल

बेकनगंज में ढहा 100 साल पुराना जर्जर मकान, मलबे में दबकर सात घायल

रियल मीडिया न्यूज नेटवर्क/कानपुर। कानपुर के बेकनगंज में घनी आबादी वाले इलाके में देर रात 100 साल पुराना एक जर्जर मकान भरभराकर ढह गया। मकान के भूतल में बनी चाय की दुकान और गुमटी में खड़े सात लोग मलबे के नीचे बुरी तरह से दब गए। लोगों ने हादसे की सूचना बजरिया पुलिस को दी। बजरिया, चमनगंज, बेकनगंज और सीसामऊ की पुलिस ने मलबे में दबे कुल सात लोगों को बाहर निकालकर हैलट और उर्सला में भर्ती कराया।

बेकनगंज निवासी आयूब उर्फ राजू पेशे से सुनार हैं। उन्होंने करीब 20 साल पहले रूपम चौराहा के पास एक पुराना जर्जर मकान खरीदा था। जर्जर मकान में पान मसाला विक्रेता मंजूर रहता है। मकान के नीचे फरहान अजमेरी की चाय की दुकान है। बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे के आसपास दुकान पर लोगों की भीड़ लगी हुई थी। इस दौरान पहले जर्जर मकान की एक तरफ का मलबा गिरना शुरू हुआ तो लोग भाग खड़े हुए। कुछ लोग नजरअंदाज कर बात करते रहे। तभी जर्जर मकान का पूरा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा।

मलबे की चपेट में आने से किरायेदार मंजूर, चाय के होटल का कारीगर सलीम और दुकान पर खड़े तारिक, रियाज अहमद, दिलशाद समेत दो अन्य घायल हो गए। मलबे से दिलशाद के भाई आफताब की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। पुलिस ने बैरिकेडिंग के बाद लाउड हेल्डर से भीड़ को किनारे किया। पुलिस ने दमकलकर्मियों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां उन लोगों की हालत खतरे से बाहर है।

घटना की सूचना पर डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव, एडीसीपी अर्चना सिंह ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि समय रहते मलबे से लोगों को निकालकर अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस के अनुसार जर्जर मकान के नीचे चाय की दुकान में सिलिंडर रखा हुआ था। अगर मलबे या फिर अन्य किसी कारण सिलिंडर फट जाता तो इलाका दहल जाता। पुलिस ने मलबे से सिलिंडर को निकालकर सुरक्षित स्थान पर रखवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *