ट्रक की टक्कर से बेटे की मौतबाइक से ननिहाल जा रहा था युवक, मां बाल-बाल बची

हमीरपुर। रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की ट्रक के नीचे आकर मौत हो गई, जबकि उसकी मां बाल-बाल बच गई। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक का पीछा कर उसे पकड़ लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र में लक्ष्मीबाई तिराहे के पास नेशनल हाईवे-34 पर हुआ। सजेती थाना क्षेत्र के बागरिया गांव का रहने वाला 18 वर्षीय विपिन यादव अपनी मां के साथ बाइक से ननिहाल सिमनौड़ी जा रहा था। जैसे ही दोनों मां-बेटे लक्ष्मीबाई तिराहे के पास एक पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से मां सड़क किनारे जा गिरी और घायल हो गई, जबकि विपिन बाइक समेत सड़क पर गिरकर ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। ट्रक के पहिए से कुचलने के कारण उसका शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और भाग रहे ट्रक का पीछा करते हुए उसे कुछेछा के पास पकड़ लिया। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *