हमीरपुर। राजमार्ग में हुई बाइक दुर्घटनाओं में एक अधेड़ व दो सगे भाइयों समेत चार घायलों को लहू लुहान हालत में सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने एक घायल को मृत घोषित कर दूसरे का प्राथमिक उपचार कर उसे मुख्यालय रेफर कर दिया। दो घायलों का उपचार सीएचसी में किया जा रहा है।
बांदा जनपद के मटौंध थाना क्षेत्र के ग्राम जखौरा निवासी शारदा सिंह 45 वर्ष पुत्र भगवानदीन गांव के ही जितेंद्र उर्फ जीतू सिंह 27 वर्ष पुत्र रमेश कुमार के साथ हमीरपुर से एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहे थे। जीतू बाइक चला रहा था। तभी राजमार्ग पर ग्राम नरायच के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें एंबुलेंस की मदद से लहुलुहान हालत में सरकारी अस्पताल मौदहा पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने शारदा सिंह को देखते ही मृत घोषित कर दिया और जीतू की हालत नाजुक देख उसका प्राथमिक उपचार कर उसे मुख्यालय रेफर कर दिया।
दूसरी घटना में कोतवाली मौदहा के ग्राम मकरांव निवासी लवलेश 32 वर्ष व लालू 25 वर्ष पुत्रगण लल्लू मौदहा से एक कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। तभी राजमार्ग पर मौदहा व मकरांव के बीच संतुलन बिगड़ने से दोनों भाई बाइक समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों की मदद से लहूलुहान हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां ईलाज के बाद उनकी हालत में सुधार है।
