429 रिक्रूट आरक्षियों ने ली शपथप्रशिक्षण केंद्र में दीक्षांत परेड समारोह आयोजित


हमीरपुर। जनपद की रिजर्व पुलिस लाइन्स में बने प्रशिक्षण केंद्र में रविवार को दीक्षांत परेड समारोह-2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
समारोह में जनपद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कुल 429 रिक्रूट आरक्षियों ने हिस्सा लिया। रिक्रूट्स ने अनुशासन, समन्वय और एकरूपता का प्रदर्शन करते हुए कदमताल, सलामी, ड्रिल और मार्च पास्ट की प्रस्तुति दी। उपस्थित अतिथियों ने इस प्रदर्शन की सराहना की।
मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया और रिक्रूट आरक्षियों को अनुशासन, समयबद्धता तथा कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने परेड के सफल आयोजन की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान परेड ग्राउंड की साज-सज्जा, ध्वनि व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और अतिथि स्वागत की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित थीं। समारोह में रिक्रूट आरक्षियों के परिजन भी मौजूद थे, जिन्होंने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
इसके उपरांत आयोजित सम्मान समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों और टोली कमांडरों को पुरस्कृत किया गया। समारोह के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी आरटीसी सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *