जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने भीषण गर्मी में गौशाला का किया औचक निरीक्षण, गौशाला में व्यवस्थाएं परखी

पानी, चारा और शेड की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश, खुद गुड़ खिलाकर लिया हालचाल

संवादाता – राहुल कुमार

जनपद में भीषण गर्मी के बीच गोवंशों की सुरक्षा और समुचित देखभाल को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकासखंड डकोर के ग्राम पिया निरंजनपुर स्थित बृहद गौशाला का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देशात्मक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से गर्मी के प्रभाव को देखते हुए गोवंशों के लिए पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि चरही में प्रतिदिन शीतल एवं साफ पानी भरा जाए, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही से पशुओं को असुविधा न हो। इसके साथ ही उन्होंने गौशाला के लिए 05 एकड़ क्षेत्र में की गई हरे चारे की बुवाई का अवलोकन किया और निर्देश दिए कि गोवंशों को नियमित रूप से हरा चारा उपलब्ध कराया जाए, जिससे उनके स्वास्थ्य में निरंतर सुधार बना रहे। जिलाधिकारी ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए एक अतिरिक्त शेड के निर्माण के निर्देश भी दिए, ताकि गोवंशों को पर्याप्त छाया मिल सके और वे तेज धूप से सुरक्षित रह सकें। निरीक्षण के दौरान भूसा, चना चोकर एवं अन्य पशु आहार का पर्याप्त भंडारण पाया गया। साथ ही निर्देश दिए कि भविष्य में भी इसकी निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए।जिलाधिकारी ने गौशाला में मौजूद गोवंशों को स्वयं गुड़ खिलाकर उनकी स्थिति का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की संवेदनशीलता को परखा। उन्होंने कहा कि गौशालाओं का संचालन केवल औपचारिकता न होकर संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *