हृदय रोग संस्थान के चिकित्सकों ने गुब्बारा बनी महाधमनी को स्टेंट लगाकर किया ठीक

हृदय रोग संस्थान के चिकित्सकों ने गुब्बारा बनी महाधमनी को स्टेंट लगाकर किया ठीक

रियल मीडिया न्यूज
कानपुर। हृदय रोग संस्थान के चिकित्सकों की टीम ने 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गुब्बारा बनी महाधमनी को स्टेंट लगाकर ठीक किया। कानपुर निवासी यह महिला हृदय रोग संस्थान में साँस फूलने व सीने में भारीपन की समस्या के साथ भर्ती हुई थी, महिला पहले से हाई ब्लड प्रेशर की मरीज थी। सी.टी. स्कैन की जाँच में पता चला की महिला की महाधमनी सीने के पास फूलकर गुब्बारे की तरह बन गई थी जो कि लगभग 6 मिमी. चौड़ी हो गई थी, लंबाई में यह लगभग 20 मिमी. थी। वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. अवधेश शर्मा ने बताया कि इस बीमारी को ऑर्टिक एन्यूरिज्म के नाम से जाना जाता है, जिसमे कि हाई ब्लड प्रेशर के कारण महाधमनी फूल कर गुब्बारे की तरह चौड़ी हो जाती है। अगर यह 5.5 मिमी. से ज्यादा फूल जाती है तो इसके फटने का डर रहता है जो कि जानलेवा साबित होता है। ऐसी स्थिति में अभी तक ज्यादातर मामलों में ओपन हार्ट सर्जरी की जरूरत होती थी। विभागाध्यक्ष डॉ. उमेश्वर पांडेय ने बताया कि इस महिला की ओपन हार्ट सर्जरी अधिक उम्र और कमजोरी की वजह से हाई रिस्क थी इस कारण संस्थान के चिकित्सकों की टीम ने स्टेंट ग्राफ्ट लगाकर इसको ठीक करने का सोचा। स्टेंट ग्राफ्ट एक जालीनुमा स्टेंट होता है जो कि फैले हुए हिस्से में पैर की नस के माध्यम से लगा दिया जाता है और फूले हुए हिस्से की ब्लड सप्लाई बंद हो जाती है जिसके कारण महाधमनी के फटने का डर नहीं रहता है और यह फूला हुआ हिस्सा धीरे-धीरे सूखकर सिकुड़ जाता है। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर डॉ. राकेश वर्मा ने चिकित्सकों की टीम को बधाई दी व बताया कि यह पूरा ऑपरेशन आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत निःशुल्क किया गया। वर्तमान में इस ऑपरेशन का खर्चा लगभग 4 से 5 लाख आता है। रोगी की स्थिति पूरी तरह से ठीक है व रोगी की ठीक अवस्था में छुट्टी कर दी गई है। चिकित्सकों की टीम में डॉ. संतोष सिन्हा, डॉ. एम.एम. रजी, डॉ. कुमार हिमांशु, डॉ. मोहित सचान, डॉ. मुकेश झा व डॉ. प्रवीण शुक्ला भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *