पीएम मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी का मामला, अजय राय और 30 समर्थकों पर एफआईआर, अधिवक्ता ने सौंपी ‘पेन ड्राइव’

पीएम मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी का मामला

लखनऊ। महोबा जिले में अपहरण व दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली नीट की तैयारी कर रही छात्रा से मिलने आए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले में भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य और अधिवक्ता नीरज रावत की तहरीर पर अजय राय, निवर्तमान प्रदेश सचिव बृजराज सिंह समेत 30 समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर के एक गांव निवासी 25 वर्षीय युवती महोबा में किराये का कमरा लेकर नीट की तैयारी कर रही थी। 30 अप्रैल को वह लाइब्रेरी से घर लौटते समय लापता हो गई थी। 16 दिन बाद युवती को पुलिस ने बरामद किया था। युवती ने आरोपियों पर अपहरण, दुष्कर्म व प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। हालांकि, बाद में युवती का शादी करते वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ। इसमें स्वेच्छा से विवाह किए जाने जैसे तथ्य दिखाई दिए। इसके बाद से यह मामला बदलता नजर आने लगा। शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय महोबा पहुंचे और नीट की तैयारी कर रही छात्रा से पूरी घटना की जानकारी ली। पीड़िता से मिलकर जाते समय कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्द कहते सुनाई दे रहे हैं। प्रधानमंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी के बाद भाजपाई आक्रोशित हो गए। अधिवक्ता नीरज रावत ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 22 मई को बिना प्रशासनिक अनुमति के कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आरोप लगाया कि अजय राय 15-16 गाड़ियों के काफिले और दर्जनों समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। वाहनों को सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़ा किया गया। इससे रास्ता बाधित हो गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारियों को शांति व्यवस्था बनाए रखने में मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने वायरल वीडियो की पैन ड्राइव पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंपी। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह का कहना है कि प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *