कानपुर डिफेन्स फिजिकल एकेडमी के द्वारा सैकड़ों छात्र छात्राओं ने ली शपथ
गर्मी और लू के प्रकोप से बेजुबान पक्षियों को बचाने को लेकर नौबस्ता स्थित कानपुर डिफेन्स फिजिकल एकेडमी में सेना सहित अन्य सरकारी सेवाओं की तैयारियां कर रहे सैकड़ों छात्र छात्राओं ने सामूहिक रूप से पक्षियों के संरक्षण पर प्रेरणादायक आयोजन किया। आयोजक तथा डायरेक्टर सौरभ शुक्ला ने अपील करते हुए कहा कि सभी लोग भीषण गर्मी में पक्षियों को सुरक्षित आश्रय दे तथा उनके लिए भोजन-पानी की निर्बाध आपूर्ति अपने घरों की छतों पर सुनिश्चित कराए। श्री शुक्ला ने बताया कि उनके द्वारा सभी बच्चों को मिट्टी के कटोरे लकड़ी के घोंसले और बर्ड फीडर बांटे गए हैं। सैकड़ों छात्र छात्राओं को शपथ दिलाते हुए डायरेक्टर सौरभ शुक्ला ने कहा कि आप भी अपने घर की छत, बालकनी या आंगन में पानी से भरा कटोरा और अनाज जरूर रखें ताकि छोटे पक्षी भीषण गर्मी से बच सके। कोच राजू बॉक्सर तथा कोच अंकित ने कहा की इस कार्यक्रम का उद्देश्य लुप्त होती गौरैया के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना एवं विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है। अपने संबोधन में सौरभ शुक्ला ने बच्चों को बताया कि बढ़ते शहरीकरण अनियंत्रित प्रदूषण और तेजी से बदलते पर्यावरण के कारण नन्हे पंक्षियों की संख्या में निरंतर गिरावट दर्ज की जा रही है। हम केवल जागरूकता तक सीमित न रहें, बल्कि व्यवहार में भी परिवर्तन लाएं। शिक्षण संस्थान ही वह सर्वोत्तम मंच हैं जहाँ से छात्र छात्राओं में संरक्षण की आदतों को रोपा जा सकता है। विद्यार्थियों ने एकेडमी के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाती है। इस दौरान कोच राजू बॉक्सर कोच अंकित सहित काफी संख्या में एकेडमी सदस्य मौजूद रहे।
