सड़क हादसे में दूल्हे के मामा की मौत,एक दर्जन घायल, तीन की हालत गंभीर

हमीरपुर। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के राजमार्ग 34 पर शनिवार को सड़क हादसों में बाइक सवार दूल्हे के मामा की मौत हो गई जबकि एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर इन्हें सदर अस्पताल के लिए रिफर किया गया है।
पड़ोसी जिला महोबा के थाना कबरई स्थित गांव महेवा हालमुकाम राजीव नगर कबरई निवासी जगदीश 37 वर्ष पुत्र बलबीर अपने भतीजे राजीव नगर निवासी राहुल 22 वर्ष पुत्र जगराम के साथ एक बाइक में सवार होकर अपने भांजे जीतू की शादी में शामिल होने शुक्रवार को बांदा जिले के गांव सिकहुला गया था। शनिवार को बारात विदा होने पर अधिकांश बाराती बारात के साधनों से वापस लौट थे। जगदीश और राहुल भी अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। इनकी बाइक जब मौदहा कोतवाली क्षेत्र के राजमार्ग 34 में बीएसएनएल टावर के पास पहुंची थी कि तभी मौदहा की ओर से आ रही एक अर्टिका कार ने इनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। इन्हें आनन-फानन में मौदहा सीएचसी पहुंचाया गया। जहां जगदीश दोनों घायलों की हालत नाज़ुक होने पर इन्हें सदर अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया। बताया गया है कि आधा घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार करने के बाद जगदीश की मौत हो गई जबकि राहुल को गंभीर हालत में सदर अस्पताल भेजा गया है। मृतक जगदीश अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री व पत्नी को रोते बिलखते छोड़ गया है।वह मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था वह पांच भाइयों में चौथे नंबर का था। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों और बारातियों का तांता लगा रहा है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
इसी तरह जलालपुर निवासी अंशु 15 वर्ष पुत्र दयाराम और गांव बंगरा निवासी पंकज 18 वर्ष पुत्र पप्पू दोनों लोग एक बाइक से मौदहा की ओर आ रहे थे। जबकि महोबा जिले के थाना खन्ना स्थित गांव बरभौली निवासी फेलू 50 वर्ष और मोहित 21 वर्ष पुत्र राजेन्द्र एक बाइक से अपने गांव की ओर जा रहे थे। राजमार्ग 34 पर गांव छिरका के नजदीक दोनों बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत होने से चारों लोग घायल हो गए हैं। इन्हें मौदहा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा मौदहा कस्बा निवासी जयनारायण 64 पुत्र जंगलिया, गांव तगारी निवासी जगमोहन 45 पुत्र बौरा यादव तथा ध्रुव 18 पुत्र राजेन्द्र, खन्ना निवासी वैभव 32 पुत्र छुट्टू, अरतरा निवासी बृजेश 45 पुत्र मोतीलाल और मौदहा कस्बा निवासी अब्दुल रहमान 60 पुत्र सुलेमान को अलग अलग सड़क हादसों में घायल होने पर सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *