महोबा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बुंदेलखंड के महोबा जिले को 697.07 करोड़ रुपये की 88 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। सीएम ने इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर जिले की तस्वीर बदलने की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाया है। भीषण गर्मी और तीखी धूप के बावजूद जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ ने योगी-मोदी के जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। महोबा पहुंचने पर मुख्यमंत्री सबसे पहले पर्यटन तीर्थ के रूप में विकसित की जा रही गोरखगिरी पहुंचे। वहां उन्होंने चल रहे विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गोरखगिरी स्थित मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। विकास परियोजनाओं की सौगात देने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने बुंदेलखंड के बदलते स्वरूप पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज महोबा समेत पूरा बुंदेलखंड विकास की मुख्यधारा में शामिल हो चुका है। सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंचाया जा रहा है। सीएम ने इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया।
बुंदेलखंड को विकास की नई उड़ान, 697 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण-शिलान्यास
