राम मंदिर चढ़ावा चोरी: अयोध्या में सड़क पर उतरे वकील, बोले- चंपत राय पर FIR दर्ज करो; पुलिस ने दौड़कर रोका

राम मंदिर चढ़ावा चोरी: अयोध्या में सड़क पर उतरे वकील, बोले- चंपत राय पर FIR दर्ज करो; पुलिस ने दौड़कर रोका

अयोध्या। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब ट्रस्ट के सदस्यों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। पहली बार राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास महाराज ने पूर्व पदाधिकारी गोपाल राव पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा- पूरी गलती गोपाल राव की है। वे राजनीति कर रहे हैं। वो सबको उलझा देते हैं। वो राम की परंपरा नहीं मानते। वहीं, सुबह 11.45 बजे अयोध्या में 500 से ज्यादा वकील सड़क पर उतर आए। चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव पर FIR की मांग कर नारेबाजी करने लगे। सिविल लाइन चौकी जाकर उन तीनों समेत 4 लोगों के खिलाफ शिकायत दी। फैजाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालका प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ अयोध्या थाने की ओर जाते अधिवक्ताओं को पुलिस ने रोका। अयोध्या में फैजाबाद बार एसोसिएशन के सदस्यों ने राम मंदिर में दान की कथित चोरी के मामले में चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ राम जन्मभूमि थाने में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। बार एसोसिएशन के सचिव शैलेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि शिकायत की पावती उन्हें प्राप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं करती है तो मामले में हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा। फिलहाल पुलिस शिकायत की जांच कर रही है। अयोध्या में प्रदर्शन के दौरान एडवोकेट सत्य प्रकाश मौर्य ने कहा- हम लोगों ने ठान लिया कि आज एफआईआर करा कर के ही यहां से जाएंगे। वरना नहीं जाएंगे। अधिवक्ता थाने तक जाएंगे और वहां पर प्रदर्शन करेंगे। एक समय में अयोध्या का नाम पूरे हिंदुस्तान में गूंज रहा था। मगर आज लोग बड़ी बुरी नजर से देख रहे हैं। चोर लोग यहां पर बस गए हैं। ऐसे लोगों को हटाया जाए। ट्रस्ट को भंग किया जाए और उसमें नए लोगों को शामिल किया जाए। राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों के खिलाफ अधिवक्ताओं की ओर से दी गई तहरीर को थाना राम जन्मभूमि में बृहस्पतिवार को दोपहर लगभग 1:30 बजे जीडी में दर्ज कर लिया गया। अधिवक्ताओं ने अपनी शिकायत में चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा, गोपाल राव तथा ट्रस्ट के अन्य जिम्मेदार सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो थाना राम जन्मभूमि की कार्यप्रणाली के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ट्रस्ट सदस्य महंत दिनेंद्र दास बोले- पूरे विवाद के लिए गोपाल राव जिम्मेदार हैं
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज ने राम मंदिर दान गबन मामले को लेकर मंदिर के सहायक प्रशासक गोपाल राव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे विवाद के लिए गोपाल राव जिम्मेदार हैं और वह मंदिर की परंपराओं से हटकर राजनीति कर रहे हैं। महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि उत्तर प्रदेश के ट्रस्टी भगवान राम की परंपराओं का पालन करते हैं, जबकि गोपाल राव ऐसा नहीं करते। उनके अनुसार गोपाल राव अनावश्यक रूप से मामलों को उलझाते हैं और इसी वजह से यह विवाद गहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर प्रशासन में राजनीति का माहौल बनाया जा रहा है।

डिप्टी सीएम केशव मौर्य बोले- जो चोरी करेगा, उस पर कार्रवाई होगी
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- अखिलेश यादव जो कर रहे हैं, उससे सपा और रसातल में जा रही है। राम जन्मभूमि आंदोलन के लिए जिन लोगों ने परम तपस्वियों की तरह काम किया है, उनमें चंपत राय सहित तमाम लोग शामिल हैं। उन सबको इस घटना से पीड़ा है। लेकिन, इस विषय को जितना चर्चा का विषय बनाया जा रहा है, उसका कोई औचित्य नहीं है। जो चोरी करेगा या गलत करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होती है और होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *