रिपोर्ट: राहुल कुमार,रियल मीडिया नेटवर्क
उरई, जालौन। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर जनपद जालौन में अब सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के जरिए होगा। इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 21 से 23 अगस्त तक ‘समाधान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शाम्भवी ने बताया कि इस समारोह का मुख्य उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट में वर्षों से लंबित पड़े सिविल और आपराधिक वादों का मध्यस्थता और सुलह के माध्यम से त्वरित निपटारा करना है। उन्होंने कहा, “यह पहल न केवल न्यायिक प्रक्रिया का समय बचाएगी, बल्कि दोनों पक्षों को अदालती खर्च और लंबी तारीखों से भी मुक्ति दिलाकर सौहार्दपूर्ण न्याय उपलब्ध कराएगी।” सचिव शाम्भवी के अनुसार, जिन पक्षकारों के मामले सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं, वे 21 से 23 अगस्त से पहले जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय, कलेक्ट्रेट उरई में संपर्क कर सकते हैं। इच्छुक लोग अपने अधिवक्ता के माध्यम से भी अपनी पत्रावली चिन्हित करा सकते हैं। चिन्हित मामलों को समाधान समारोह के दौरान विशेष पीठ के समक्ष सुलह वार्ता के लिए रखा जाएगा। यदि दोनों पक्ष सहमत हो जाते हैं, तो उसी दिन मामले का निस्तारण संभव है। सचिव शाम्भवी ने जनपदवासियों से अपील की है कि सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों वाले पक्षकार इस ऐतिहासिक अवसर का अधिकाधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा, “समय रहते अपनी पत्रावली चिन्हित कराकर सुलह प्रक्रिया में सहभागी बनें। यह आपके लिए त्वरित और सम्मानजनक न्याय पाने का सुनहरा मौका है।” विधिक सेवा प्राधिकरण ने अधिवक्ताओं से भी सहयोग की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक लंबित मामलों को इस समारोह में निपटाया जा सके।
जालौन में 21 से 23 अगस्त तक लगेगा सुप्रीम कोर्ट का ‘समाधान समारोह’, सुलह से निपटेंगे सर्वोच्च न्यायालय के लंबित केस
