रियल मीडिया नेटवर्क
राहुल कुमार, उरई जालौन
6 से 14 वर्ष के सभी बच्चों को स्कूल से जोड़ने का संकल्प, नव नामांकित बच्चों को बांटी किताबें
कोंच, जालौन: 6 से 14 वर्ष तक के हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे “स्कूल चलो अभियान” को सोमवार को नया जोश मिला। कोंच के मंडपम परिसर से निकाली गई जागरूकता रैली को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह और चेयरमैन प्रदीप गुप्ता ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली का मकसद स्कूल से बाहर रह गए बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। जिलाधिकारी ने कहा, “हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। अधिकारियों, शिक्षकों और अभिभावकों का दायित्व है कि सभी पात्र बच्चों का 100% नामांकन कराएं।”
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों का स्कूल जाना उनके उज्ज्वल भविष्य की पहली सीढ़ी है। “समाज का हर व्यक्ति अपने आसपास ऐसे बच्चों को चिन्हित करे और उन्हें स्कूल पहुंचाने में मदद करे, ताकि शिक्षा के अधिकार से कोई वंचित न रहे।”
डीएम और एसपी ने नव नामांकित नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें भी दी गईं और रोज स्कूल आने के लिए प्रेरित किया। बच्चों में इसका खासा उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, उपजिलाधिकारी हेमन्त पटेल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में अभिभावक शामिल हुए।
