दरोगा और ट्रक चालक का वीडियो वायरल होने के बाद दरोगा पर दोहरी गाज, हमीरपुर से हुआ निलंबित, सजेती कानपुर में हुई एफआईआर

दरोगा और ट्रक चालक का वीडियो वायरल होने के बाद दरोगा पर दोहरी गाज

हमीरपुर। घाटमपुर से ट्रक में बैठकर उसकी केबिन से 20 हजार रुपए चोरी कर सजेती थाना क्षेत्र में उतरकर दूसरे वाहन में बैठे दरोगा का ट्रक चालक ने हमीरपुर यमुना पुल पर मारपीट कर रुपये बरामद करवाये। जिसका वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी दरोगा गिरीश मिश्रा को सस्पेंड कर हमीरपुर एसपी ने विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। उधर, ड्राइवर की तहरीर पर कानपुर के सजेती थाने में आरोपी दरोगा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी दरोगा हमीरपुर कोर्ट की सुरक्षा में तैनात है। ड्राइवर के अनुसार, एनएच-34 पर घाटमपुर के पास दरोगा उसके ट्रक में बैठा। सजेती थाना क्षेत्र के अलियापुर टोल प्लाजा के पास केबिन से 20 हजार रुपए निकालकर वह एक वैन में बैठकर फरार हो गया। उसका पीछा करते हुए करीब 13 किलोमीटर दूर यमुना पुल के पास उसे पकड़ लिया। वर्दी पकड़कर खींचने पर अंदर छिपाए गए नोट नीचे गिर गए। ट्रक चालक मनीष ने बताया कि वह गिट्टी बेचकर हमीरपुर लौट रहा था। रास्ते में घाटमपुर के पास दरोगा गिरीश मिश्रा मिले। पुलिसकर्मी समझकर उसने उन्हें ट्रक की केबिन में बैठा लिया। सफर के दौरान सब सामान्य रहा, लेकिन अलियापुर टोल प्लाजा के पास पहुंचने पर उसे केबिन में रखे 20 हजार रुपए गायब मिले। चालक का आरोप है कि दरोगा ने रुपये अपनी वर्दी के अंदर छिपा लिए और विरोध होने पर ट्रक से उतरकर एक वैन में बैठकर निकल गया।चालक ने वैन का पीछा किया। यमुना पुल पार करने के बाद दरोगा वैन से उतरकर पैदल जाने लगा। तभी चालक ने उसे पकड़ लिया। वर्दी की तलाशी लेने पर उसके 20 हजार रुपये मिल गये। गुस्साए चालक ने बीच सड़क पर दरोगा का गिरेबान पकड़कर उसे दो-तीन थप्पड़ मार दिए। हाईवे पर वर्दीधारी दरोगा की पिटाई देख राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने बीच-बचाव किया और यूपी-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दरोगा को कोतवाली ले गई। इसी दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सीओ सदर यशपाल सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति उपनिरीक्षक पर पैसे चोरी करने का आरोप लगा रहा है। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *