जिलाधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
शीबू खान
फतेहपुर। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को तहसील खागा के सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कृषि, राजस्व, पुलिस, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, स्वास्थ्य, चकबंदी, विद्युत, आवास, वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं निराश्रित महिला पेंशन, उद्यान, सिंचाई, नलकूप, जल निगम (ग्रामीण), बाल विकास, महिला कल्याण, जिला पूर्ति, पीडब्ल्यूडी, आरईएस तथा भूमि विवाद सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 267 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 28 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देशों के साथ हस्तांतरित किया गया। जिलाधिकारी ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए तथा कोई भी पात्र गरीब योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री संदर्भ से संबंधित शिकायतों का भी निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खागा, पुलिस क्षेत्राधिकारी खागा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, डीसी एनआरएलएम, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, एलडीएम, खंड विकास अधिकारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में 267 शिकायतें प्राप्त, 28 का मौके पर निस्तारण
