
एक-एक पौधे के संरक्षण पर फोकस, “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को बनाएंगे जन आंदोलन
राहुल कुमार
उरई, जालौन मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप 12 जुलाई को प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को भव्य और सफल बनाने के लिए जनपद जालौन में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
शुक्रवार को विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में मा० राज्य मंत्री, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग, उत्तर प्रदेश श्री संजय सिंह गंगवार ने सभी विभागों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार माइक्रोप्लान, गड्ढा खुदान, पौध उपलब्धता और रोपण स्थलों का चयन समय से पूर्ण करें। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं होगी।
वृक्षारोपण केवल पौधा लगाने तक सीमित न रहे। प्रत्येक रोपे गए पौधे की नियमित सिंचाई, सुरक्षा, जियो टैगिंग और निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि पौधों के जीवित रहने की दर शत-प्रतिशत रहे।
राज्य मंत्री ने कहा कि अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी अपने परिवार के साथ एक-एक पौधा अपनी मां के नाम अवश्य लगाएं। इस अभियान को जन-जन का आंदोलन बनाया जाए।
पौधशालाओं में उपलब्ध पौधों की गुणवत्ता और ऊंचाई की जांच की जाए। रोपण स्थल के अनुसार उपयुक्त प्रजाति के मानक ऊंचाई वाले पौधों का ही चयन हो। पौधों के परिवहन और रोपण में तकनीकी मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए।
ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, विद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए। जनपद जालौन को प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाला जनपद बनाना है।
बैठक में जनपद की विभागवार तैयारियों, माइक्रोप्लान, पौध उठान, वीआईपी वृक्षारोपण स्थल और विभागीय प्रगति का बिंदुवार अवलोकन किया गया। जिन विभागों में कार्य शेष है उन्हें तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार सहित जनप्रतिनिधि व वन विभाग एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य मंत्री ने अंत में कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय से काम करें ताकि 12 जुलाई का वृक्षारोपण अभियान ऐतिहासिक सफलता के साथ संपन्न हो।
