प्रभारी मंत्री संजय गंगवार ने रगौली में लगाई जन चौपाल, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

प्रभारी मंत्री संजय गंगवार ने रगौली में लगाई जन चौपाल

राहुल कुमार
उरई (जालौन)। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री संजय गंगवार ने अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान उरई तहसील क्षेत्र के ग्राम रगौली में रात्रि जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जन चौपाल के दौरान प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद उन्होंने गांव की दलित बस्ती का निरीक्षण कर वहां रहने वाले लोगों से बातचीत की तथा उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री ने गांव में स्थापित डिजिटल पुस्तकालय का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से अध्ययन की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। जनसभा को संबोधित करते हुए संजय गंगवार ने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार गांव, गरीब, किसान और युवाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, उरई सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *