एक युवक बना तीन बहनों का पति, एक बहन ने बताया विवाह का कारण

एक युवक बना तीन बहनों का पति, एक बहन ने बताया विवाह का कारण

लखनऊ। अमरोहा के हसनपुर में रील बनाने के शौकीन युवाओं के अजीबोगरीब कारनामे अक्सर चर्चा में रहते हैं, लेकिन कोतवाली क्षेत्र में एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया है। गंगा किनारे स्थित एक गांव की तीन बहनों ने एक ही युवक के साथ शादी रचा ली है। नगर के प्रसिद्ध चामुंडा मंदिर में हुए इस विवाह का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दो सगी और एक चचेरी बहन अपने कथित पति के साथ बैठी नजर आ रही हैं। तीनों बहनों के इंस्टाग्राम और फेसबुक पर काफी एक्टिव अकाउंट्स हैं। उनमें से एक युवती ने वीडियो में शादी की वजह बताते हुए कहा कि उनके पिता ने एक बहन का रिश्ता तय किया था, लेकिन तीनों बहनों में इतना गहरा प्रेम है कि वे एक-दूसरे से अलग नहीं रह सकतीं। युवतियों का कहना था कि उन्होंने अपने पिता से किसी ऐसे परिवार में रिश्ता ढूंढने को कहा था जहां तीन भाइयों से उनकी शादी हो सके। जब ऐसा रिश्ता नहीं मिला और अलग होने की नौबत आई, तो उन्होंने खुदकुशी तक करने की योजना बना ली थी। हालांकि, उसी कोतवाली क्षेत्र के एक युवक ने उन्हें ऐसा कदम उठाने से रोका और सहारा दिया। इसके बाद तीनों ने उसी युवक को अपना पति स्वीकार कर लिया। 15 जुलाई को चामुंडा मंदिर में बिना किसी रिश्तेदार के यह अनोखी शादी संपन्न हुई। मंगलवार शाम यह अनोखा जोड़ा नगर पालिका अध्यक्ष राजपाल सैनी के आवास पर भी पहुंचा, जहां पालिका अध्यक्ष की पत्नी ने तीनों बहनों के साथ एक रील बनाई जो इंटरनेट पर काफी सुर्खियां बटोर रही है। जहां यह घटना सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है, वहीं स्थानीय स्तर पर इसका विरोध भी शुरू हो गया है। व्यापारी नेता मुकेश गुप्ता ने इस विवाह पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे सनातन धर्म की मान्यताओं के विपरीत बताया है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में एक से अधिक विवाह की अनुमति नहीं है और एक साथ तीन बहनों से शादी करना पूरी तरह गलत है। इस सामाजिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले कदम का खुलकर विरोध किया जाएगा। पंकज कुमार त्यागी, सीओ हसनपुर ने बताया कि इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि कोई शिकायत मिलती है जांच कराई जाएगी। उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *