रियल मीडिया न्यूज नेटवर्क
कानपुर।आज नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में महापौर प्रमिला पाण्डेय एवं नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में विकास कार्यो एवं अन्य समस्याओं के निस्तारण के सम्बन्ध में जोन-1 के मा0 पार्षदों एवं अभियन्त्रण, राजस्व, स्वास्थ्य, जलकल, मार्ग प्रकाश, उद्यान अधिकारियों के साथ बैठक आहूत की गयी। महापौर ने बैठक में निर्देशित किया कि पार्षदगण एक-एक कर अपने वार्ड के विकास कार्यो, अन्य सम्बन्धित समस्याओं से अवगत करायेंगे और अधिकारी उसके निस्तारण की कार्यवाही से अवगत करायेंगे।
बैठक में हाजी सुहैल अहमद ने कहा कि जोन-1 में सबसे बड़ी समस्या पत्रावलियों के गायब होने की है। मेरी एक फाइल जो वर्ष 24-25 की थी, जिसके टेण्डर के उपरान्त पत्रावली गायब है, आज तक नहीं मिली। एक कूड़ा अड्डा, जिसमें चमड़े की कटिंग, चप्पलो की कटिंग इत्यादि डाली जाती है, की पत्रावली नगर आयुक्त जी ने स्वीकृत की थी, उसके बाद गायब हो गयी। जोन-1 मे पत्रावली का कोई मूवमेन्ट नहीं है।
पार्षद कौशिक वाजपेयी ने कहा कि मेरी पत्रावली भी नगर आयुक्त की आपत्ति के बाद गायब हो गयी। नये अधिशाषी अभियन्ता द्वारा मार्च 2026 के बाद कोई अभी तक कोई कार्य नहीं किया गया। मेरे क्षेत्र मे झंडा रोहण स्थल है, जो क्षतिग्रस्त है, 15 अगस्त से पूर्व बनाने को कहा कि अभी तक पत्रावली ही नहीं बनी। पार्षद आकर्ष बाजपेयी ने कहा कि मेरी 19 लाख की पत्रावली जो कार्यकारिणी से स्वीकृत है, गायब है। पत्रावली जो नगर आयुक्त मार्क करके भेजते है, वह भी कहीं नहीं मिलती गायब हो जाती है। वहॉ के बाबू गुमराह करते है। चन्द्रिका देवी के बाहर सड़क धंसी है, मैने कई बार लिख कर दिया, अभी तक फाइल ही नहीं बनी। जोन-1 में एक बाबू है आशुतोष मिश्रा पहले स्वास्थ्य विभाग में था, जिसे हटाया गया था, उसके आदेश में लिखा था कि इन्हें जनता से जुड़े कार्यो में नहीं लगाया जायेगा, तब भी जोन-1 में कार्य कर रहा है। महापौर ने निर्देशित किया कि तत्काल आशुतोष मिश्रा को जोन-1 से हटाये।
पार्षद अनवर अली ने कहा कि मेरे वार्ड 94 पटकापुर की 7-8 पत्रावली गायब है।
पार्षद फैजान रहमान ने कहा कि मेरे वार्ड 103 परेड की 4 फाइले गायब है।
पार्षद राशिद महमूद ने कहा कि मेरे वार्ड 107 की पत्रावली मा0 कार्यकारिणी से स्वीकृत होने के बाद भी कार्य नहीं हुआ। कई के टेण्डर हो गये है। लाईटों के विषय के कहा गया था कि जहॉ लाईटें लगनी हो वहॉ की फोटो खींची जायेगी, किन्तु फोटो खींचने बाद भी आज तक एक लाइट नहीं मिली। बन्द लाइटें चालू नहीं हो रही है। कई पेड़ो की छंटाई होनी है। सफाई व्यवस्था ध्वस्त है। क्षेत्र में 8-10 सफाई कर्मियों की कमी है।
पार्षद सुशील तिवारी ने कहा कि हमारे क्षेत्र में लाईट लगाये जाने वाले स्थलों की फोटो खींची गयी, किन्तु फोटो नहीं मिली। विगत तीन वर्षो में अभी तक 55 लाइटें मिली है।
पार्षद आदर्श गुप्ता ने कहा कि पार्षदो को अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते है। मेरे क्षेत्र में एक पत्रावली गायब होने के बाद कार्य की दोबारा फाइल बन गयी, दो बार स्वीकृत हो गयी और सड़क विधायक कोटे से बन गयी। क्षेत्र में सफाई व्यवस्था ध्वस्त है। जोन-1 क्षेत्र में हजारो व्यापारी आते है, कपड़ा, बर्तन, किराना इत्यादि का थोक बाजार है, जहॉ सफाई व्यवस्था उच्च स्तर का होना चाहिए।
पार्षद अमित गुप्ता ने कहा कि केस्को ने मेरे क्षेत्र जनरलगंज की पूरी सड़क खोद दी है, उसकी पत्रावली अभी तक नहीं बनी है। मेरे क्षेत्र में 04 सड़को की रोड कटिंग का पैसा जमा है, आज तक फाइल हीं नहीं बनी।
पार्षद शिवम दीक्षित ने कहा कि 3-4 महीने से पत्र दे चुके है, मेरे क्षेत्र कलक्टगंज की कई गली पिटे क्षतिग्रस्त है और कई स्थानों पर पैचवर्क होना है। अभी तक फाइल ही नहीं बनी।
पार्षद विकास साहू ने कहा मार्ग प्रकाश की एक भी फाइलें स्वीकृत नहीं हुई है। विगत तीन वर्षाे में 150 लाइटे मिली, इस वर्ष एक भी लाइट नहीं मिली है।
पार्षद अभिषेक गुप्ता ‘मोनू’ ने कहा कि हम लोग पत्र लिख कर देते है, आपत्ति का निस्तारण कोई नहीं बताता है, किसी की कोई नहीं सुनता है, मेरे क्षेत्र मे 02 माली आ नहीं रहे है। मेरे क्षेत्र की चाहे सीएम ग्रिड की सड़क हो आन्तरिक गलियों की सड़क सब उखड़ी पड़ी है। स्वच्छ भारत मिशन से पेन्टिंग हो रही है, किन्तु मॉल रोड, बड़े चौराहे जैसे स्थलों पर कुछ नहीं हो रहा है। रथयात्रा मार्ग के विषय में अधिकारियों को गुमराह करके जहॉ रथयात्रा निकलती हीं नहीं है, वहॉ की 04 फाइले बन गयी। हमारे क्षेत्र में व्यापार बन्धु, उद्योग बन्धु के प्रतिनिधियों के पत्रों पर पत्रावली बन जाती है, किन्तु पार्षदोे के पत्रों पर कोई कार्यवाही नहीं होती है। जिससे पार्षदों की छवि खराब होती है।
अधिशाषी अभियन्ता, जोन-1 आलोक श्रीवास्तव ने कहा कि मुझे कानपुर नगर निगम में आये अभी 04 माह ही हुये है, जिन पत्रावलियों की बात वह सभी पुरानी है, मैने सारी पत्रावली मंगा ली है, जल्द ही निस्तारण कार्यवाही की जायेगी। पत्रावली गायब होने के सम्बन्ध में अधीनस्थ कर्मियों का स्पष्टीकरण मांगा है।महापौर जी के निर्देश के क्रम में मुख्य अभियन्ता ‘‘सिविल’’ सैय्यद फरीद अख्तर जैदी ने अवगत कराया कि विगत दिनोें पार्षदोे के धरने के समय नगर आयुक्त के आदेश पर जोन-1 गया था, जोन-1 अभियन्त्रण में रात्रि 10 बजे तक बैठ कर व्यवस्था देखी थी,यह पाया कि पत्रावलियों का जोन-1 में कोई रिकार्ड नहीं है। कई नगर आयुक्त की आपत्ति की पत्रावली एक आलमारी मे रखी हुई मिली है, उसमें आपत्तियों का निस्तारण नहीं हुआ है। पत्रावलियोें के लिये सभी लिपिकों का अपना लॉगिन है। उस लॉगिन पर सिर्फ उसी को पत्रावली के बारे में जानकारी होती है। अब वहॉ गूगल फार्मेट बनवा दिया है, सभी को पत्रावली के बारे में जानकारी रहेगी कि पत्रावली कहॉ-कहॉ गयी। पत्रावली बनी कि नहीं बनी। महापौर ने अधिशाषी अभियन्ता, जोन-1 आलोक श्रीवास्तव पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आपको कानपुर नगर निगम में आये चार महीने हो गये, चार महीने से आप जोन-1 अभियन्त्रण कार्यालय में बैठ रहे है, आपको वहॉ आने-जाने वाली पत्रावली को देखना चाहिए था। मै इसके पहले चार जोनों की बैठक कर चुकी हूॅ किसी भी जोन से किसी अधिशाषी अभियन्ता के विरूद्ध इतनी शिकायते नहीं मिली, जितनी सामूहिक रूप से सारे पार्षद आपकी शिकायत कर रहे है। जोन-1 में अभियन्त्रण विभाग की जिम्मेदारी आपकी है। पार्षदों को पत्रावलियों के बारे से आपत्ति से अवगत कराना एवं उसका निस्तारण कराना चाहिए था, ताकि पार्षद धरने पर न बैठते।
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने अवगत कराया कि स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत बैक लेन गलियों पेन्टिंग कार्य हो रहा है, चौराहो इत्यादि के लिये धन नहीं मिलता है। साथ ही अभियन्त्रण खण्ड, जोन-1 के मामले की समीक्षा करेंगे, पत्रावलियों के गायब होने के सम्बन्ध में गलती जिस स्तर पर हुई है, उसकी जॉच के उपरान्त सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। महापौर ने निर्देशित किया कि पार्षदों द्वारा सफाई, मार्ग प्रकाश, इत्यादि से सम्बन्धित व अन्य समस्याओं का निराकरण कराया जाये।
बैठक में अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार, जगदीश यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 चन्द्रशेखर, जोनल अधिकारी, जोन-1 विद्या सागर यादव, अधिशाषी अभियन्ता, जलकल, जोन-1 राज कुमार सिंह, अधिशाषी अभियन्ता, उद्यान दिवाकर भास्कर, जेडएसओ, जोन-1 अमित, अधिशाषी अभियन्ता मार्ग प्रकाश राजेश कुमार, प्रभारी मार्ग प्रकाश रमेश पाल, इत्यादि भी उपस्थित रहे।
नगर निगम की बैठक में पार्षदगणो ने लगा दी शिकायतों की झड़ी, महापौर ने दिए कार्रवाई के निर्देश
