
कानपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर सिद्धार्थ पैलेस, अहिरवा में “प्यारी बहना” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की सैकड़ों बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मनोज शुक्ला को राखी बाँधकर अपना स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास प्रदान किया।
इस अवसर पर बहनों ने मनोज शुक्ला को राखी बाँधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और मजबूत किया। कार्यक्रम का वातावरण आत्मीयता और उत्साह से भर गया। बहनों के इस अपार स्नेह से अभिभूत मनोज शुक्ला ने कहा कि बहनों का प्यार और आशीर्वाद उनके लिए अनमोल है।
उन्होंने कहा कि “प्यारी बहनों का यह स्नेह मेरे लिए केवल एक भावनात्मक रिश्ता नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं बहनों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए सदैव उनके साथ खड़े रहने का संकल्प लेता हूँ। जीवन के हर सुख-दुःख में भाई के रूप में उनका साथ देने का प्रयास करूंगा।”
कार्यक्रम में उपस्थित बहनों ने भी मनोज शुक्ला के प्रति अपना स्नेह व्यक्त करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
मनोज शुक्ला ने कार्यक्रम में शामिल हुईं सभी बहनों का हृदय से आभार एवं प्रणाम व्यक्त करते हुए कहा कि उनका विश्वास और आशीर्वाद आगे भी उन्हें समाज और क्षेत्र के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।
