जनता के सहयोग से वार्ड 65 बनेगा आदर्श वार्ड। पार्षद योगेन्द्र शर्मा यश
कानपुर, वार्ड 65 नौबस्ता पश्चिम के भाजपा पार्षद योगेंद्र शर्मा यश के द्वारा दामोदर नगर में 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाली नई सड़क का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। भूमि पूजन कार्यक्रम में पार्षद योगेंद्र शर्मा ने क्षेत्र के वरिष्ठ जनों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में पार्षद योगेंद्र शर्मा ने कहा कि हमारा संकल्प है कि वार्ड 65 के हर मोहल्ले, हर गली में विकास की रोशनी पहुंचे। दामोदर नगर की यह सड़क इसी दिशा में एक और कदम है। जनता ने जो विश्वास हम पर जताया है, उसे हम विकास कार्यों से और मजबूत करेंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सड़कों को लेकर कोई समझौता नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि पिछले अन्य कार्यकालों से हमने सर्वाधिक विकास कार्य कराए हैं और आगे भी कराते रहेंगे। यह सब कानपुर नगर निगम और विधायक महेश त्रिवेदी के अथक प्रयासों और मार्गदर्शन से संभव हो पाया है। क्षेत्रीय नागरिक अमित ने पार्षद की प्रशंसा करते हुए कहा कि पार्षद योगेंद्र शर्मा जमीनी नेता हैं। वे हमेशा जनता के बीच रहते हैं और हर समस्या का तुरंत समाधान करते हैं। उनके प्रयासों से आज दामोदर नगर में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। पार्षद योगेंद्र शर्मा ने नगर महापौर श्रीमती प्रमिला पाण्डेय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महापौर के सहयोग और समर्थन के बिना इतना कार्य और इतना विकास संभव नहीं था। उनके विजन के साथ ही हम वार्ड 65 को आदर्श वार्ड बनाने की ओर बढ़ रहे हैं।
इस मौके पर मुख्य रूप से राजीव गुप्ता विजय वर्मा विनोद तिवारी राजेश शर्मा श्याम देव त्रिपाठी शिशिर राजेश शुक्ला नरेंद्र शर्मा रोहित शर्मा, ऋतिक शर्मा उज्ज्वल तिवारी एवं सेक्टर अध्यक्ष संजीव शर्मा सहित काफी संख्या में क्षेत्रीय मौजूद रहे।
