मौदहा क्षेत्र में दो लोगों द्वारा आत्महत्या करने की सूचना पर मचा हडकंप


रियल मीडिया नेटवर्क
हमीरपुर। मौदहा नगर में बस्ती के बाहर बबूल के पेड़ पर विद्युत मीटर रीडर का शव संदिग्ध हालत में फांसी पर लटकता देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। इसी तरह ग्राम करहिया के एक युवक का शव भी पशुशाला में संदिग्ध हालत में फांसी पर लटकता मिलने पर कोतवाली पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजकर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। यह घटनायें नगर सहित क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
मौदहा कस्बे के राजकीय डिग्री कॉलेज के पास रहने वाले स्वदेश सोनी 22 वर्ष पुत्र रामावतार सोनी का शव मंगलवार की सुबह बस्ती के बाहर बबूल के पेड़ पर संदिग्ध हालत में लटकना देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटनास्थल के पास ही मृतक की बाइक खड़ी थी। घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज जांच पड़ताल शुरू कर दी है। सोमवार की शाम वह अपने परिजनों के साथ अपने गेहूं की फसल कटवाने रमना हार गया था। स्वदेश चार भाइयों में सबसे छोटा व अविवाहित था। वह नगर में विद्युत विभाग में मीटर रीडर का काम करता था।
इसी प्रकार ग्राम करहिया निवासी मुन्ना 25 वर्ष पुत्र सुशील सिंह का शव उसके पशुशाला में मंगलवार की सुबह संदिग्ध हालत पर फांसी पर लटकता देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच मृतक के शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक दो भाइयों में छोटा व अविवाहित था। फिलहाल फांसी की यह दो घटनाएं नगर सहित क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया दोनों घटनाएं आत्महत्या प्रतीत हो रही हैं। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *