जालौन में 9,786 बेटियों को मिलेगा सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा कवच: 3 से 17 सितंबर तक चलेगा HPV टीकाकरण महाअभियान, DM बोले – स्कूलों में हो 100% कवरेज

जालौन में 9,786 बेटियों को मिलेगा सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा कवच

उरई (जालौन)। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में जनपद में व्यापक एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अभियान की तैयारियों को लेकर जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक एवं धर्म गुरु सहभागिता सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान 03 से 17 सितंबर तक चलेगा, जिसमें 14 वर्ष की ऐसी किशोरियों, जिनका 14वां जन्मदिन हो चुका है और 15वां जन्मदिन अभी नहीं हुआ है, को टीका लगाया जाएगा। जनपद में 9,786 बालिकाओं को 10 सितंबर तक टीकाकरण से आच्छादित करने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने अभियान में विद्यालयों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों, राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों सहित सभी संबंधित विद्यालयों में पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक एवं विद्यालय प्रबंधन किशोरियों और उनके अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर से बचाव तथा टीके के महत्व की सही जानकारी दें। जिलाधिकारी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक को काशीराम कॉलोनी में विशेष कैंप लगाकर लक्षित बालिकाओं का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। जिला महिला एवं पुरुष चिकित्सालयों में व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ टीकाकरण के बाद होने वाली प्रतिकूल घटनाओं (AEFI) के प्रबंधन की तैयारी रखने तथा ओपीडी में आने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को टीके के लाभ की जानकारी देने को कहा गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि अभियान में Gardasil (Quadrivalent) वैक्सीन का प्रयोग किया जाएगा। टीकाकरण जिला चिकित्सालय, सीएचसी, पीएचसी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर/उपकेंद्रों के साथ बड़े विद्यालयों में भी किया जाएगा। टीकाकरण पूर्णतः स्वैच्छिक है और अभिभावक की लिखित अथवा U-WIN पोर्टल के माध्यम से डिजिटल सहमति के बाद टीका लगाया जाएगा। धर्मगुरुओं से भी अपील की गई कि वे समाज में एचपीवी टीकाकरण को लेकर सही एवं प्रमाणित जानकारी पहुंचाएं और भ्रांतियों को दूर करने में सहयोग करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच एन प्रसाद आदि सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *