
कानपुर, किदवई नगर स्थित सार्वजनिक श्री संकट मोचन विजय हनुमान एवं श्री दुर्गा मंदिर समिति में चल रहे 15 वें विशाल श्री गणेश महोत्सव के छठवें दिन राधा अष्टमी महोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री राधारानी के दिव्य श्रृंगार के बाद भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। मंदिर समिति द्वारा 21 बच्चों को राधा-कृष्ण और गोपियों की झांकियों के रूप में सजाया गया, जो यात्रा का मुख्य आकर्षण रहे। यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर मनोज सिंह भदौरिया ने श्री राधा रानी की पालकी को कंधे पर रखकर किया। उनके साथ समाजसेवी वीरेंद्र चौहान, मुकुंद गुप्ता, सुरेंद्र श्रीवास्तव, पप्पू तिवारी और अमित मिश्रा ने डोली उठाई। इससे पूर्व आचार्य पंडित मुकेश द्विवेदी ने विधिवत पूजन, अर्चन और आरती कराई।करीब दो किलोमीटर लंबी यात्रा में महिला मंडल की बहनों ने नंगे पांव चलकर बधाई गीत गाए। डीजे साउंड, भजन-कीर्तन और पुष्पवर्षा से पूरा मार्ग भक्तिमय हो गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर स्वागत किया। सुरेश चंद्र पांडेय ने सपरिवार आरती कर राधा रानी का स्वागत किया।
मंदिर पहुंचने पर केक काटकर राधा रानी का जन्मोत्सव मनाया गया और भगवान गणेश की महाआरती हुई। मुख्य अतिथि मनोज भदौरिया ने कहा की राधा रानी प्रेम, भक्ति और त्याग की प्रतीक हैं। आज इस पालकी को कंधे पर उठाकर मैं स्वयं को धन्य मान रहा हूं। किदवई नगर मंदिर समिति जिस तरह से 15 वर्षों से सनातन संस्कृति को जीवित रखे हुए है, वह सराहनीय है। ऐसे आयोजन हमारी युवा पीढ़ी को धर्म से जोड़ते हैं। व्यवस्था में बउवा चौहान, रोहित, विष्णु शर्मा, मनीष शुक्ला, सोनू पाल, ऋतिक पांडेय, भीम पांडेय, आशु दीक्षित, टिल्लू शुक्ला और साहिल पाल की विशेष भूमिका रही। महिला मंडल अध्यक्ष नीलम वीरेंद्र चौहान, महामंत्री रेनू मधु शुक्ला और वरिष्ठ उपाध्यक्ष डौली द्विवेदी के नेतृत्व में मीरा गुप्ता, सुनीता शर्मा, पूनम शुक्ला सहित सैकड़ों महिलाओं ने सहभागिता की।
