राहुल कुमार
उरई जालौन। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जनपद में “ऑपरेशन कवच-2.0” के तहत 24 घंटे अनवरत विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह तीन दिवसीय अभियान 28, 29 एवं 30 सितम्बर 2026 तक संचालित होगा।अभियान का मुख्य उद्देश्य बस-बॉडी कोड एवं ऊँचाई मानकों का अनुपालन, बसों की छतों पर लगे कैरियर पर अत्यधिक लोड की जाँच तथा यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जनपद में अधिकारियों की कमी के चलते अन्य संभाग के अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।अभियान के तहत 28 सितम्बर की रात्रि से 29 सितम्बर के पूर्वान्ह तक बड़ी कार्रवाई की गई। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जालौन राजेश कुमार द्वारा नियम विरुद्ध पाई गई 02 स्लीपर बसों, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) झाँसी हेमचन्द्र गौतम द्वारा 02 स्लीपर बसों तथा यात्रीकर/मालकर अधिकारी जालौन आनन्द राय कुरील द्वारा 01 स्लीपर बस के विरुद्ध चालान/निरुद्ध की कार्रवाई करते हुए जनपद के विभिन्न थानों में निरुद्ध किया गया। इसके अलावा बड़ी संख्या में अन्य बसों के भी चालान किए गए।परिवहन विभाग ने यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा है। जिन बसों को निरुद्ध किया गया, उनके यात्रियों को गंतव्य तक पहुँचाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, उरई डिपो की बसों के सहयोग से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बस यात्रा को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए यह अभियान अग्रिम आदेशों तक निरन्तर जारी रहेगा।
