खुली मिठाई पर भी अब ‘यूज बाई डेट’ लिखना अनिवार्य

राहुल कुमार

उरई जालौन। अब उत्तर प्रदेश में खुली मिठाइयों पर भी ‘यूज बाई डेट’ लिखना अनिवार्य होगा। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ द्वारा उपभोक्ता हित में आदेश जारी किया गया है कि 15 अक्टूबर 2026 से प्रदेश में विक्रय हेतु प्रदर्शित एवं भंडारित सभी प्रकार की मिठाइयों पर ‘यूज बाई डेट’ प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।आयुक्त द्वारा अवगत कराया गया है कि प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान संज्ञान में आया है कि मिठाई प्रतिष्ठानों पर उपभोक्ताओं को मिठाई के निर्माण और एक्सपायरी तिथि की जानकारी नहीं दी जाती है। मिठाई की उपयोग अवधि उसकी प्रकृति के अनुसार 1 दिन से 30 दिन तक होती है। गुणवत्ता और ताजापन समय के साथ प्रभावित होता है, जिसकी जानकारी क्रय के समय होना स्वास्थ्य हित में आवश्यक है। पैक्ड मिठाइयों में डेट अंकित करना अनिवार्य था, पर खुली मिठाइयों के लिए कोई प्रावधान नहीं था।इसी क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर आज 29.09.2026 को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जनपद में व्यापक अभियान चलाया।सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. सीआर प्रजापति ने बताया कि नगर मजिस्ट्रेट उरई के नेतृत्व में नगर पालिका उरई में कोंच बस स्टैंड स्थित कन्हैया स्वीट्स हाउस से बूंदी के लड्डू का नमूना लिया गया। वहीं कुशवाहा स्वीट हाउस पर निरीक्षण के दौरान लगभग 15 किलोग्राम एल्यूमीनियम वर्क लगी बर्फी को नष्ट कराया गया।तहसील जालौन में उपजिलाधिकारी के निर्देशन में नायब तहसीलदार के नेतृत्व में मोहल्ला चौधरयाना स्थित श्री शंकर मिष्ठान भंडार से खोया का नमूना लिया गया और साफ-सफाई संतोषजनक न मिलने पर सुधार नोटिस की संस्तुति की गई। गिरिराज जी मिष्ठान भंडार और श्री कृष्णा स्वीट्स का भी निरीक्षण कर साफ-सफाई को लेकर नोटिस जारी किया गया। कोंच रोड पर ई-रिक्शा लोडर से ले जा रहे मिश्रित दूध का नमूना लिया गया।वहीं उपजिलाधिकारी कालपी के निर्देशन में हरचंदपुर रोड कदौरा स्थित श्री राधा स्वीट हाउस से पनीर और बीएमसी सेंटर कदौरा से दूध का नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया।आज कुल 5 नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश प्रसाद, कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *