देवीपाटन
तुलसीपुर। क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार देर रात फूट पड़ा। बिजली व्यवस्था बहाल नहीं होने से परेशान सैकड़ों ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए और नारेबाजी कर विरोध जताया। ग्रामीणों के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद वे वापस लौट गए। ग्रामीण पाटेश्वरी प्रसाद, ननकू, दीपक और संजय ने बताया कि गांव में पिछले 24 घंटे से बिजली नहीं आ रही है। लंबे समय से आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है।ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत करने के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद वे अपनी समस्या लेकर विद्युत उपकेंद्र पहुंचे। वहां भी कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला। ग्रामीणों के अनुसार, उपकेंद्र पर केवल एक कर्मचारी मौजूद था, जिससे उन्हें अपनी समस्या के समाधान को लेकर निराशा हुई। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा लंबे समय तक बाधित रहने से आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। विभागीय अधिकारियों की ओर से शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया जाना भी नाराजगी का कारण है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कर व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर बिजली आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समस्या का जल्द समाधान कर लोगों को राहत दी जाए, ताकि उन्हें दोबारा विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर न होना पड़े।
