जगदीश श्रीवास्तव।
हमीरपुर। राठ जरिया थाना क्षेत्र के करही गांव निवासी एक महिला ने अपने दामाद पर बेटी के साथ मारपीट करने, उसे प्रताड़ित करने और उसके जेवर बेचने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि दामाद फोन और व्हाट्सएप के जरिए गाली-गलौज कर परिवार को धमका रहा है। पीड़िता की मां ने राठ कोतवाली में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।करही गांव निवासी सुमित्रा अहिरवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी साधना की शादी करीब सात वर्ष पहले पड़रा गांव निवासी त्रिलोक के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उनकी बेटी को परेशान कर रहे हैं।सुमित्रा के मुताबिक, बीते 12 अक्टूबर को उनके दामाद ने बेटी साधना के साथ मारपीट की। इसके बाद से वह फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से परिवार के लोगों को गाली-गलौज कर धमका रहा है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि दामाद ने उनकी बेटी के जेवर बेच दिए हैं। इसके अलावा, उसके आत्महत्या करने की धमकी देने से परिवार के लोग भयभीत हैं।इस संबंध में राठ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
