छत से गिरकर मजदूर की मौत

जगदीश श्रीवास्तव।

हमीरपुर। राठ जरिया थाना क्षेत्र के करियारी गांव में रविवार देर रात छत से गिरकर 42 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। करियारी गांव निवासी दुलीचंद्र सिंह रविवार रात अपने मकान की छत पर सो रहे थे। बताया जा रहा है कि देर रात नींद खुलने पर वह लघुशंका के लिए छत पर बने छज्जे की ओर जाने लगे। छज्जे पर रेलिंग नहीं होने के कारण अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो दुलीचंद्र को घायल अवस्था में पड़ा देखकर चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर पालते थे परिवार
दुलीचंद्र के पास करीब आधा बीघा कृषि भूमि थी। वह ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से पत्नी मालती, पुत्री रेशमा और दो पुत्रों शिवम व सत्यम के सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जरिया थानाध्यक्ष मनोज पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *