11 हजार वोल्ट की लाइन में चपेट में आने से युवक झुलसा, हालत नाजुक अस्पताल में भर्ती

कृष्ण कुमार द्विवेदी।

दुर्गा प्रतिमा का पंडाल निकालते समय हुआ हादसा, ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

महोबा। थाना चरखारी क्षेत्र के ग्राम रिवई में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। दुर्गा प्रतिमा का पंडाल निकालते समय एक युवक ऊपर से निकली 11 हजार वोल्ट की जर्जर विद्युत लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रिवई निवासी राजकुमार पुत्र गोपीराम विश्वकर्मा मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे रिवई पुलिस चौकी के समीप स्थित शीतला माता मंदिर में स्थापित दुर्गा प्रतिमा का पंडाल निकाल रहा था। पंडाल की ऊंचाई अधिक होने के कारण वह ऊपर से गुजर रही विद्युत विभाग की 11 हजार वोल्ट की लाइन के झूलते तारों के संपर्क में आ गया और करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।*जर्जर-झूलते तारों को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश*घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीण दीपू यादव, मनीष, विमलेश, चंदन सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई स्थानों पर विद्युत लाइन महज 10 फुट से भी कम ऊंचाई पर झूल रही है। लंबे समय से जर्जर तारों की शिकायत की जा रही है, लेकिन विभाग द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जा रही है।ग्रामीणों का आरोप है कि इससे पहले भी गांव में जर्जर लाइन के कारण कई घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जर्जर तारों को दुरुस्त नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।इस संबंध में विद्युत विभाग के चरखारी एसडीओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है और गांव में हादसे को लेकर दहशत का माहौल है।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *