असोथर में झांकियों ने मोहा मन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा नगर- 55 साल पुरानी परंपरा कायम

विधायक विकास गुप्ता ने आरती उतारकर किया स्वागत- प्रताप नगर झाल तिराहे पर रातभर चली रामलीलाअसोथर / फतेहपुर। नगर पंचायत असोथर में विजयदशमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर निकाले गए भव्य दशहरा जुलूस में 25 से 30 धार्मिक झांकियां शामिल हुईं। भगवान श्रीराम के जयकारों से नगर का माहौल भक्तिमय हो गया। झांकियों के दर्शन के लिए प्रमुख मार्गों, बाजारों और चौराहों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर झांकियों का स्वागत किया गया।असोथर में दशहरे पर झांकियां निकालने की परंपरा करीब 55 वर्षों से चली आ रही है। नगरवासियों ने इस वर्ष भी उत्साह के साथ इस परंपरा को कायम रखा। जुलूस रमन सिंह के हाते से शुरू होकर मुख्य बाजार, ब्लॉक मुख्यालय और प्रताप नगर झाल तिराहे से होते हुए नई बाजार पहुंचा। इसके बाद राजा साहब के महल के रास्ते विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जुलूस असोथर मैदान स्थित रावण दहन स्थल तक पहुंचा। अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र के विधायक विकास गुप्ता ने जुलूस में शामिल झांकियों की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह चौहान, युवा मोर्चा महामंत्री विमल गुप्ता, अनिल गुप्ता, विनोद गुप्ता, विनोद भारती और नगर पंचायत अध्यक्ष नीरज सिंह सेंगर समेत कई लोग मौजूद रहे।विजयदशमी के अवसर पर वार्ड नंबर नौ स्थित प्रताप नगर झाल तिराहे पर रामलीला का आयोजन किया गया। कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का मंचन कर सत्य, मर्यादा और धर्म की महत्ता का संदेश दिया। कार्यक्रम देर रात तक चला और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने इसका आनंद लिया। दशहरा आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं नगर पंचायत अध्यक्ष नीरज सिंह सेंगर के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन में आशीष कुमार अग्रहरी, गुड्डू सिंह, ओम सिंह, पीयूष सिंह, प्रवीण कुमार अग्रहरी, सभासद अजय कुमार पासवान, सभासद पुरुषोत्तम कुमार समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।किले से निकलीं तीन आकर्षक झांकियांइस वर्ष असोथर किले की ओर से अनिल कुमार के नेतृत्व में तीन धार्मिक झांकियां निकाली गईं। वहीं, वार्ड नंबर 14 के सभासद आशीष कुमार की ओर से भी दो झांकियां निकाली गईं। इनमें भगवान शिव, श्रीगणेश, भगवान श्रीकृष्ण और माता राधा के स्वरूपों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। सजी-धजी झांकियों को देखने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। नगर में निकले भव्य जुलूस और रामलीला के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। 55 साल से चली आ रही परंपरा ने एक बार फिर असोथर की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *