बीएसएनएल टावर का कबाड़ बेचने के नाम पर 30 हजार रुपए की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

जगदीश श्रीवास्तव।

हमीरपुर राठ। बीएसएनएल टावर का कर्मचारी बनकर कबाड़ बेचने के नाम पर कबाड़ी से 30 हजार रुपए ठगने के मामले में राठ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 33,250 रुपए बरामद किए हैं। तीनों को जलालपुर रोड पर नहर के पास से पकड़ा गया। राठ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि विगत दिनों नगर के मुहल्ला सिकंदरपुरा चरखारी रोड निवासी कबाड़ का सामान खरीदने वाले सुघर सिंह पुत्र मनीराम लिखित तहरीर में बताया कि विगत 13 अक्टूबर को बीएसएनएल टावर के पास एक व्यक्ति ने अपना नाम राजू बताते हुए टावर में काफी कबाड़ होने की बात कही। सौदा तय होने के बाद 14 अक्टूबर को कबाड़ देने की बात हुई। आरोप है कि उस व्यक्ति ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर कबाड़ के एवज में 30 हजार रुपए ले लिए और कंप्यूटर से पक्का बिल निकलवाने के बहाने फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने असरफ (61), रमेश कुमार (40), निवासी ग्राम कोर्राही थाना बिसंडा जनपद बांदा और मंगल (37) निवासी ग्राम कायल जनपद बांदा को गिरफ्तार किया। जिनमें पुलिस ने असरफ से 17,500 रुपए, रमेश से 5,400 रुपए और मंगल से 10,350 रुपए बरामद हुए। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मोहित देव, कांस्टेबल गौरव जादौन, शिवम यादव और अमन पाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *