रियल मीडिया न्यूज नेटवर्क कानपुर। महाराजपुर विधानसभा के यशोदा नगर में रविवार को कुश्ती प्रेमियों का मेला लगा। सैनिक चौराहे के निकट स्व. पं. रामभरोसे शुक्ल स्मृति स्थल पर स्वर्गीय पं. रामभरोसे शुक्ल जी की पुण्य स्मृति में भव्य हाहाकार विराट दंगल’ का आयोजन किया गया। आयोजक थे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराजपुर के पूर्व प्रत्याशी मनोज कुमार शुक्ला।दोपहर से ही अखाड़े के चारों ओर भीड़ जुटनी शुरू हो गई। ढोल-नगाड़ों के बीच जब पहलवानों ने अखाड़े में एंट्री ली तो पूरा यशोदा नगर तालियों से गूंज उठा।दंगल का सबसे बड़ा आकर्षण महिला पहलवानों की कुश्ती रही। गोरखपुर से आई आकांक्षा और कानपुर की खुशी पाल के बीच मुकाबले ने दर्शकों को कुर्सी से खड़े होने पर मजबूर कर दिया। अंत में खुशी पाल ने आकांक्षा को चित्त कर दिया।पुरुष वर्ग में कई रोमांचक मुकाबले हुए:राकेश जंबो और कुर्तार के बीच घंटों चली कुश्ती बराबरी पर छूटी कालू पहलवान और राहुल पहलवान (कानपुर) ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को एक-एक कर पटका।- दिन का सबसे बड़ा और आखिरी मुकाबला अंश पांडे (यशोदा नगर) बनाम समीर (हाथरस)। करीब 20 मिनट तक चले इस घमासान मुकाबले में आखिरकार अंश पांडे ने समीर को कंधे के दांव से पटकनी देकर खिताब अपने नाम किया। अंश के जीतते ही उनके समर्थकों ने उन्हें कंधे पर उठा लिया।सिर्फ दंगल नहीं, संस्कृति से जोड़ने का प्रयास – मनोज शुक्लाआयोजक मनोज कुमार शुक्ला ने कहा, बाबूजी स्व. पं. रामभरोसे शुक्ल जी हमेशा कहते थे कि अखाड़ा ही वह जगह है जहां अनुशासन, शौर्य और संस्कार तीनों मिलते हैं। आज के युवा जिम में जा रहे हैं, अच्छी बात है, लेकिन अखाड़े की मिट्टी से जुड़ना भी जरूरी है। इसी सोच के साथ यह दंगल हर साल कराया जाता है।”उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में नशे से दूरी और खेल के प्रति समर्पण की भावना आती है।कुश्ती के बीच-बीच में सियासत की भी चर्चा होती रही। मनोज शुक्ला ने मंच से ही 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया।उन्होंने कहा, जैसे आज पहलवानों ने अखाड़े में दम दिखाया है, वैसे ही 2027 में जनता के आशीर्वाद से महाराजपुर में परिवर्तन का दंगल भी जीतेंगे। मेरा लक्ष्य है कि जनता के एक-एक वोट को स्कूल की किताब, युवा के रोजगार और गरीब की दवा में बदल दूं। महाराजपुर को भ्रष्टाचार मुक्त, अपराध मुक्त आदर्श विधानसभा बनाना ही स्व. पं. रामभरोसे शुक्ल जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”उनके इस ऐलान पर मौजूद सपा कार्यकर्ताओं ने ‘महाराजपुर मांगे परिवर्तन’ के नारे लगाए।कौन-कौन रहा मौजूददंगल में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नितेंद्र यादव, राष्ट्रीय सचिव अपर्णा बंसल जैन, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय महासचिव बंटी यादव, पूर्व महासचिव चरण सिंह यादव, महाराजपुर विधानसभा अध्यक्ष समर सिंह यादव, सुधीर त्रिवेदी, लव पांडे, राजनंद तिवारी, अर्पित यादव, अरविंद शुक्ला, राजन यादव, पूजा यादव, विनोद प्रजापति, सुभाष द्विवेदी, बृजेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।देर शाम तक चले इस विराट दंगल में विजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कानपुर के यशोदा नगर में गूंजा दंगल का हाहाकार,स्व. पं. रामभरोसे शुक्ल की स्मृति में पहलवानों ने दिखाया दमखम
